भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मैचों की रोमांचक टेस्ट सीरीज अपने निर्णायक मोड़ की ओर बढ़ रही है। तीन मुकाबलों के बाद मेजबान इंग्लैंड 2-1 की बढ़त बना चुका है और अब दोनों टीमें मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में 23 जुलाई से शुरू होने वाले चौथे टेस्ट के लिए कमर कस चुकी हैं। भारत के लिए यह मुकाबला ‘करो या मरो’ जैसा होगा, जहां वो हर हाल में जीत हासिल कर सीरीज को बराबरी पर लाना चाहेगा।इस बीच, इंग्लैंड के दिग्गज तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन का एक अहम बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने भारत-इंग्लैंड टेस्ट सीरीज को एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी नाम देने पर अपनी भावनाएं व्यक्त की हैं।
एंडरसन ने स्काय स्पोर्ट्स से बातचीत में कहा कि यह जरूरी नहीं कि आपके नाम पर ट्रॉफी का होना कितना बड़ा है, बल्कि यह भी महत्वपूर्ण है कि आपके नाम के साथ सचिन तेंदुलकर का नाम है, जो मेरे लिए अब तक के सबसे महान क्रिकेटरों में से एक हैं।
ECB के ऐलान के बाद बदला गया ट्रॉफी का नाम
इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने हाल ही में यह घोषणा की कि भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जाने वाली टेस्ट सीरीज अब पटौदी ट्रॉफी के बजाय एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के नाम से जानी जाएगी। यह बदलाव जेम्स एंडरसन के ऐतिहासिक योगदान और टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज बनने के सम्मान में किया गया है, वहीं सचिन तेंदुलकर को क्रिकेट का भगवान कहे जाने की वजह से उनके नाम को इस ट्रॉफी से जोड़ा गया है।
एंडरसन के लिए बहुत बड़े सम्मान की बात
उन्होंने आगे कहा कि ट्रॉफी पर अपने साथ उनका नाम देखता हूं तो बड़ा अजीब लगता है। वह उनका काफी सम्मान करते हैं। उन्होंने बचपन से उन्हें देखा है और उनके खिलाफ खेला है। वह इतने महान क्रिकेटर रहे हैं जिन्होंने पूरे देश की उम्मीदों का बोझ अपने पूरे करियर में उठाया है। उनके साथ इस तरह का कुछ शेयर करना बहुत बड़े सम्मान की बात है।
गौरतलब है कि इससे पहले भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज पटौदी ट्रॉफी के नाम से खेली जाती थी, जो भारत के पूर्व कप्तान इफ्तिखार अली खान पटौदी और उनके पुत्र मंसूर अली खान पटौदी के नाम पर थी। अब समय के साथ और नए दौर के दो महान खिलाड़ियों की उपलब्धियों को देखते हुए इस सीरीज को एक नया नाम एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी दिया गया है।
(PTI Inputs)