1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. MI के पूर्व फील्डिंग कोच बांग्लादेश क्रिकेट टीम से जुड़े, 2027 वर्ल्ड कप तक संभालेंगे ये अहम जिम्मेदारी

MI के पूर्व फील्डिंग कोच बांग्लादेश क्रिकेट टीम से जुड़े, 2027 वर्ल्ड कप तक संभालेंगे ये अहम जिम्मेदारी

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Apr 08, 2025 03:45 pm IST,  Updated : Apr 08, 2025 03:45 pm IST

जेम्स पैमेंट को बांग्लादेश क्रिकेट टीम का नया फील्डिंग कोच नियुक्त किया गया है। वह 2027 वनडे वर्ल्ड कप तक फील्डिंग कोच की भूमिका निभाएंगे।

James Pamment- India TV Hindi
जेम्स पैमेंट Image Source : JAMES PAMMENT/LINKEDIN

बांग्लादेश क्रिकेट से बड़ी खबर आई है। बांग्लादेश क्रिकेट टीम ने अपने नए फील्डिंग कोच का ऐलान कर दिया है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने सोमवार (7 अप्रैल) को जेम्स पैमेंट को नेशनल टीम का फील्डिंग कोच नियुक्त किया है। जेम्स पैमेंट न्यूजीलैंड में फर्स्ट क्लास क्रिकेटर रह चुके हैं। पैमेंट इस महीने के अंत में जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाली आगामी टेस्ट सीरीज से पहले टीम में जुड़ेंगे। पैमेंट असिस्टेंट कोच निक पोथास की जगह लेंगे, जिन्होंने इस साल जनवरी में अपना पद छोड़ने से पहले पिछले कुछ महीनों में टीम की फील्डिंग पर काम किया था। बांग्लादेश की टीम में हाल के दिनों में कई फील्डिंग कोच रहे हैं। रयान कुक और शेन मैकडरमॉट ने भी पिछले कुछ सालों में टीम के साथ काम किया है।

मुंबई इंडियंस को दे चुके हैं कोचिंग 

बांग्लादेश टीम से जुड़ने पर पैमेंट ने कहा कि वह एक बेहद प्रतिभाशाली बांग्लादेशी टीम के साथ जुड़ने को लेकर वास्तव में उत्साहित हैं। वह जिम्बाब्वे सीरीज से पहले खिलाड़ियों और बैकरूम स्टाफ से जुड़ने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इंग्लैंड में जन्मे 56 साल के पैमेंट न्यूजीलैंड में रहते हैं और उन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में ऑकलैंड का प्रतिनिधित्व किया है। उन्हें कोचिंग का अच्छा-खासा अनुभव है। उन्होंने मुंबई इंडियंस के साथ सहायक कोच और फील्डिंग स्पेशलिस्ट के रूप में काम किया है। वह साल 2018 में मुंबई इंडियंस से जुड़े थे।

न्यूजीलैंड टीम में निभा चुके हैं अहम जिम्मेदारी

IPL से जुड़ने से पहले पैमेंट न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के फील्डिंग कोच और विशेषज्ञ तकनीकी सलाहकार थे। उन्होंने न्यूजीलैंड क्रिकेट में हाई-परफॉरमेंस कोच के तौर पर भी काम किया है। पैमेंट ने पांच साल तक नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के हेड कोच के रूप में भी काम किया और न्यूजीलैंड क्रिकेट के साथ कई भूमिकाएं निभाईं हैं, जिसमें नेशनल टीम, ए और अंडर-19 टीमों के लिए फील्डिंग रिसोर्स कोच और स्पेशलिस्ट सलाहकार शामिल हैं। उन्होंने साल 2011 में पाकिस्तान के खिलाफ घरेलू सीरीज के दौरान न्यूजीलैंड के सहायक कोच की भूमिका निभाई थी और कुछ समय के लिए USA टीम के अंतरिम कोच के रूप में भी कार्यभार संभाला था। 

 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल