India vs UAE Asia Cup 2025: एशिया कप का आगाज तो 9 सितंबर को ही हो गया था, लेकिन भारतीय टीम ने अपने अभियान का आगाज अब किया है। टीम इंडिया और यूएई के बीच अहम मुकाबला दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में जारी है। इसमें भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी का फैसला किया। मजे की बात ये भी है कि लगातार 15 टॉस हारने के बाद कोई भारतीय कप्तान आखिर जीत दर्ज करने में कामयाब रहा है। इस बीच कप्तान सूर्या ने तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह से वो काम भी करवा दिया, जो उन्होंने पिछले छह साल से नहीं किया था।
पहला ओवर हार्दिक पांड्या ने डाला, उसके बाद आए जसप्रीत बुमराह
यूएई के खिलाफ भारतीय टीम जब गेंदबाजी के लिए उतरी तो पहला ओवर हार्दिक पांड्या ने डाला, जबकि बुमराह मैच खेल रहे हैं। इसके बाद जल्द ही जसप्रीत बुमराह आए और उन्होंने दूसरा ओवर डाला। पहले में तो नहीं, लेकिन बुमराह ने दूसरे ही ओवर में अपना काम किया और यूएई का पहला विकेट चटका दिया। जसप्रीत बुमराह ने अलीशान सरफू को क्लीन बोल्ड किया। वे काफी आक्रामक नजर आ रहे थे। उन्होंने केवल 17 बॉल पर 22 रन बना दिए। इस दौरान उनके बल्ले से तीन चौके और एक आसमानी छक्का आया। खास बात ये रही कि कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बुमराह से पावरप्ले यानी पहले छह ओवर में ही तीसरा ओवर भी करा लिया। ऐसा बहुत कम नजर आता है।
बुमराह ने छह साल बाद पावरप्ले में डाले तीन ओवर
आंकड़ों की अगर बात की जाए तो साल 2019 के बाद ऐसा पहली बार हुआ है, जब जसप्रीत बुमराह ने किसी टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में पहले छह ओवर में तीन ओवर डाले हों। साल 2019 में विशाखापट्टम ने भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टी20 इंटरनेशनल मैच खेला गया था, तब बुमराह ने पावरप्ले में तीन ओवर डाले थे। अब करीब छह साल बाद ऐसा मौका आया है। हालांकि पहले तीन ओवर में बुमराह ने 19 रन देकर एक विकेट हासिल किया। अब एक और काफी रोचक आंकड़ा आपको बताते हैं। अगर पहले गेंदबाजी वाले मैचों को देखा जाए तो बुमराह ने टी20 इंटरनेशनल मैच में करीब 9 साल बाद पहले छह ओवर में तीन ओवर डाले हैं। इससे पहले जब साल 2016 में एशिया कप के दौरान ही भारत और यूएई के बीच मैच खेला जा रहा था, तब भी भारत ने पहले गेंदबाजी की और तीन ओवर पहले छह में ही डाल दिए थे। शायद ये आंकड़े आपको पता नहीं होंगे।
यह भी पढ़ें
IND vs UAE Playing XI: सूर्यकुमार यादव ने अचानक चौंकाया, इस खिलाड़ी को कर दिया बाहर
अक्षर पटेल, अर्शदीप और रवि बिश्नोई को ICC T20 रैंकिंग में फायदा, टॉप-10 में इतने भारतीय शामिल