जो रूट इस वक्त सबसे ज्यादा चर्चा में रहते हैं। दरअसल वे सचिन तेंदुलकर के विश्व कीर्तिमान के काफी करीब पहुंच चुके हैं। जब भी उनके बल्ले से रन आते हैं तो वे सचिन के और नजदीक चले जाते हैं। इस वक्त वे अपने घर पर न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेल रहे हैं। हालांकि पूरी सीरीज के दौरान उनके बल्ले से कुछ खास नहीं बने। आखिरी टेस्ट की आखिरी पारी में तो वे रन आउट भी हो गए। जो अक्सर उनके साथ देखने के लिए नहीं मिलता है।
करीब 5 साल बाद टेस्ट में रन आउट हुए हैं जो रूट, केवल 18 ही रन बना सके
न्यूजीलैंड की टीम इस वक्त इंग्लैंड के दौरे पर है। तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में दोनों टीमें एक एक मैच जीतकर सीरीज में बराबरी पर है और आखिरी टेस्ट जो टीम जीतेगी, सीरीज अपने नाम कर लेगी। इस बीच जो रूट जब इस सीरीज के आखिरी टेस्ट की आखिरी पारी में बल्लेबाजी के लिए आए तो 17 बॉल पर केवल 18 रन ही बना सके और आउट हो गए। वे रन आउट हुए हैं। टेस्ट क्रिकेट में करीब पांच साल बाद वे इस तरह से आउट हुए हैं। जो रूट बहुत संभलकर बल्लेबाजी करते हैं और विकेट के बीच में अच्छी दौड़ भी लगाते हैं, इसलिए वे रन तो खूब बनाते हैं, लेकिन रन आउट होने के चांस बहुत कम हो जाते हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ इस टेस्ट सीरीज में उनका बल्ला नहीं चला। तीन टेस्ट की छह पारियों में वे केवल एक ही बार अर्धशतक लगा पाए हैं। इस सीरीज के दौरान उनका औसत केवल 28.50 का ही रहा।
इसी सीरीज में जो रूट ने पूरे किए हैं टेस्ट में 14 हजार रन
इस सीरीज के दौरान इतना जरूर रहा कि उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में अपने 14 हजार रन पूरे कर लिए हैं। सचिन तेंदुलकर के बाद वे दुनिया के अकेले ऐसे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने टेस्ट में 14 हजार रन का आंकड़ा पार किया है। सचिन तेंदुलकर ने अपने टेस्ट करियर में 15921 रन बनाए हैं। यानी जो रूट अब सचिन से थोड़ा सा ही पीछे हैं। रूट की उम्र अब 35 साल से ज्यादा की हो चुकी है। वे कितने और दिन क्रिकेट खेलना जारी रखते हैं, ये देखना होगा। अब वे कम से कम दो साल और खेल गए तो फिर सचिन के कीर्तिमान पर खतरा जरूर नजर आएगा।
अब तक ऐसा रहा है रूट का करियर
जो रूट ने अब तक 165 टेस्ट मैच खेलकर 14 हजार से अधिक रन बनाए हैं। उन्होंने 41 शतक और 67 अर्धशतक लगाए हैं। वनडे में 189 मैच खेलकर जो रूट ने 7577 रन बनाने का काम किया है। यहां उनके नाम 20 शतक और 45 अर्धशतक हैं। टी20 इंटरनेशनल में रूट ने 32 मैच खेलकर 893 रन बनाए हैं। टी20 तो नहीं, लेकिन वनडे में अभी भी खेल रहे हैं। आने वाले मैचों में भी जो रूट पर नजर रहेगी कि वे सचिन के और कितना करीब जाते हैं।
यह भी पढ़ें
आयरलैंड से हार के बाद टीम इंडिया को आईसीसी रैंकिंग में भी नुकसान, अब टॉप की कुर्सी पर भी खतरा
कब से शुरू होगी भारत बनाम इंग्लैंड टी20 सीरीज, नोट कीजिए 5 मैचों का पूरा शेड्यूल