1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs ENG: भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज में वापसी कर सकता ये घातक तेज गेंदबाज, फिटनेस पर सभी की नजरें

IND vs ENG: भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज में वापसी कर सकता ये घातक तेज गेंदबाज, फिटनेस पर सभी की नजरें

 Written By: Abhishek Pandey
 Published : Jun 05, 2025 07:08 pm IST,  Updated : Jun 05, 2025 07:08 pm IST

IND vs ENG: इंग्लैंड की टीम ने भारत के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले को लेकर अपनी स्क्वाड का ऐलान कर दिया है, जिसमें जोफ्रा आर्चर का नाम शामिल नहीं है, लेकिन उनके दूसरे टेस्ट में खेलने की उम्मीद जताई गई है।

Jofra Archer- India TV Hindi
जोफ्रा आर्चर Image Source : GETTY

भारत और इंग्लैंड के बीच 20 जून से पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज होगा जिसका पहला मुकाबला हेडिंग्ले के लीड्स मैदान पर खेला जाएगा। इस मुकाबले के लिए इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड की तरफ से 5 जून को स्क्वाड का ऐलान कर दिया गया जिसमें तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर का नाम शामिल नहीं है। आईपीएल 2025 में जोफ्रा आर्चर को फील्डिंग के दौरान अंगूठे में चोट लग गई थी जिसके बाद वह अभी तक पूरी तरह से फिट नहीं हो पाए हैं। वहीं जोफ्रा की वापसी को लेकर इंग्लैंड टीम के मुख्य चयनकर्ता ल्यूक राइट का भी बयान सामने आया है।

जोफ्रा आर्चर के दूसरे टेस्ट में खेलने की उम्मीद

इंग्लैंड टीम के मुख्य चयनकर्ता ल्यूक राइट ने भारत के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए स्क्वाड का ऐलान करने के बाद जोफ्रा आर्चर की वापसी को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि वह इस टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले में खेलते हुए दिख सकते हैं, जो अगले महीने एजबेस्टन के मैदान पर खेला जाएगा। जोफ्रा आर्चर ने चार साल पहले टेस्ट मुकाबला खेला था, जिसके बाद लगातार फिटनेस की समस्या से जूझने की वजह से वह वापसी करने में कामयाब नहीं हो सके। जोफ्रा को इंडिया-ए टीम के खिलाफ भी 2 अनऑफीशियल टेस्ट मैच में इंग्लैंड लायंस की टीम से खेलना था, लेकिन आईपीएल 2025 में अंगूठे में लगी चोट के चलते वह वापसी नहीं कर सके।

काउंटी मैच में जोफ्रा को साबित करनी होगी अपनी फिटनेस

जोफ्रा आर्चर को भारत के खिलाफ दूसरे टेस्ट में वापसी करने के लिए अपनी फिटनेस को साबित करने का मौका डरहम के खिलाफ होने वाले काउंटी मुकाबले में मिलेगा जिसमें वह ससेक्स की टीम से खेलेंगे। जोफ्रा को लेकर इंग्लैंड टीम के मुख्य चयनकर्ता ल्यूक राइट ने कहा कि अगर सब कुछ ठीक रहा, तो उम्मीद है कि वह दूसरे टेस्ट के लिए उपलब्ध होंगे। बता दें कि इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ पहले टेस्ट मुकाबले के लिए क्रिस वोक्स, ब्रेंडन कार्से, जोश टंग, जेमी ओवरटन और सैम कुक के रूप में चार प्रमुख तेज गेंदबाजों को चुना है।

ये भी पढ़ें

भारत बनाम इंग्लैंड पहले टेस्ट के लिए टीम का ऐलान, इन​ खिलाड़ियों को मिला मौका

IND vs ENG: रिकी पोटिंग ने कप्तान को दिया ज्ञान, शुभमन गिल का नंबर भी बताया

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल