इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन के 19वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस की तरफ से खेल रहे धाकड़ विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर ने अपने टी20 करियर में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में गुजरात टाइटंस की टीम को 20 ओवर्स में 165 रनों का टारगेट मिला था, जिसमें उन्होंने 7 विकेट से अपने नाम कर लिया। इस मैच में बटलर के बल्ले से 60 रनों की बेहतरीन पारी देखने को मिली, जिसके साथ ही वह उन्होंने टी20 क्रिकेट में अपने 14000 रन भी पूरे कर लिए और ऐसा करने वाले वह अब तक के सिर्फ 5वें खिलाड़ी बने हैं।
बटलर 14000 रनों के आंकड़े तक पहुंचने वाले बने तीसरे सबसे तेज खिलाड़ी
जोस बटलर के लिए आईपीएल 2026 सीजन के शुरुआती दो मैच बल्ले से बिल्कुल भी खास नहीं रहे थे, जिसके बाद दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेले गए मैच में उनके बल्ले का कमाल देखने को मिला। इस मैच में बटलर ने अपने टी20 करियर में 600 छक्कों का आंकड़ा भी पूरा किया था, वहीं अब लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ मैच में शानदार 60 रनों की पारी खेलने के साथ ही टी20 क्रिकेट में 14000 रनों का आंकड़ा भी पूरा कर लिया है। जोस बटलर इस आंकड़े तक पहुंचने वाले टी20 क्रिकेट में तीसरे सबसे तेज खिलाड़ी बने हैं। बटलर ने इस मामले अपने देश के खिलाड़ी एलेक्स हेल्स के अलावा कायरन पोलार्ड को पीछे छोड़ा है। टी20 क्रिकेट में सबसे कम पारियों में 14000 रनों का आंकड़ा हासिल करने का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम पर है जिन्होंने सिर्फ 423 पारियों में इसे हासिल किया था। वहीं इसके बाद दूसरे नंबर पर डेविड वॉर्नर का नाम है जो 432 पारियों में इसे हासिल करने में कामयाब हो सके थे। बटलर ने अपने 14000 टी20 468 पारियों में पूरे किए थे।
टी20 क्रिकेट में सबसे कम पारियों में 14000 रन पूरे करने वाले खिलाड़ी
- क्रिस गेल - 423 पारियां
- डेविड वॉर्नर - 431 पारियां
- जोस बटलर - 468 पारियां
- एलेक्स हेल्स - 505 पारियां
- कायरन पोलार्ड - 633 पारियां
सबसे ज्यादा रन बनाने वाले प्लेयर्स की लिस्ट में 5वें नंबर पर बटलर
टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में जोस बटलर अभी 5वें नंबर पर हैं, जिसमें उन्होंने 497 मैचों में खेलते हुए 35.05 के औसत से 14021 रन बनाए हैं, जिसमें उनके बल्ले से 8 शतकीय और 100 अर्धशतकीय पारियां देखने को मिली हैं। टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम पर है जिन्होंने कुल 14562 रन बनाए हैं।
टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी
- क्रिस गेल - 14562 रन
- कायरन पोलार्ड - 14482 रन
- एलेक्स हेल्स - 14449 रन
- डेविड वॉर्नर - 14121 रन
- जोस बटलर - 14021 रन
ये भी पढ़ें
रन बनाना भूल गया है LSG का ये 21 करोड़ वाला खिलाड़ी, लगातार 4 मैचों में हो चुका है फ्लॉप
IPL में सबसे ज्यादा बार आउट होने के मामले में ये टीम टॉप पर, डिफेंडिंग चैंपियन RCB भी इस नंबर पर