आईपीएल 2026 का अगला सीजन अब बहुत करीब है। बीसीसीआई ने ऐलान कर दिया है कि 28 मार्च को पहला मुकाबला खेला जाएगा। इस दिन बेंगलुरु में आरसीबी और एसआरएच की टीमें आमने सामने होंगी। इस बीच सीजन के शुरू होने से पहले कुछ खिलाड़ी अपनी अपनी टीम से जुड़ने में देरी कर रहे हैं, इससे टीमों की मुश्किलें बढ़ती हुई नजर आ रही हैं। फिलहाल दो टीमों को झटका लगता हुआ नजर आ रहा है। पता चला है कि दो प्लेयर्स अपनी अपनी टीमों से देरी में जुड़ेंगे।
इंडियन प्रीमियर लीग की तारीखों के ऐलान के साथ ही टीमों ने अपने अपने कैंप भी शुरू कर दिए हैं। टीम जहां इस सीजन का पहला मैच खेलेगी, वहीं पर कैंप लगाए जा रहे हैं। इस बीच पता चला है कि सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान और धाकड़ तेज गेंदबाज पैट कमिंस अभी अपनी टीम से नहीं जुड़ेंगे। उनके आने में देरी की संभावना जताई जा रही है। उधर आरसीबी के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड को लेकर भी अब खबर सामने आ रही है कि वे भी इस सीरीज के शुरुआती मैच मिस करेंगे।
इस बीच सबसे ज्यादा टेंशन तो एसआरएच यानी सनराइजर्स हैदराबाद के लिए होगी। पैट कमिंस ना केवल टीम के मैच विनर तेज गेंदबाज है, बल्कि वे टीम के कप्तान भी हैं। यानी शुरुआती कुछ मैचों में टीम का कप्तान ही नहीं होगा। ऐसे में टीम को नया कप्तान भी तलाश करना होगा। हालांकि अभी तक टीम की ओर से कोई बयान जारी नहीं किया गया है कि टीम का नया कप्तान कौन होगा, लेकिन संभावना जताई जा रही है कि ईशान किशन टीम की कमान संभाल सकते हैं। वैसे तो सीनियर लेवल पर ईशान ने कभी कप्तानी नहीं की है, लेकिन डोमेस्टिक क्रिकेट में वे अपनी टीम की कप्तानी कर रहे हैं। ऐसे में वे कप्तानी के प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं।
इस बीच अगर जोश हेजलवुड की बात की जाए तो आरसीबी ऐसी दिक्कत तो नहीं है, लेकिन ये सभी को पता है कि जोश के ना आने से जो खालीपन होगा, उसकी भरपाई आसान नहीं होगी। जोश हेजलवुड ऐसे गेंदबाज हैं, जो अपने कुछ ओवर से ही मैच को पलटने की क्षमता रखते हैं। अब देखना होगा कि अगर ये दोनों खिलाड़ी नहीं आते हैं तो टीम इनकी जगह किसे शामिल किया जाता है।
यह भी पढ़ें
IPL 2026 के लिए राजस्थान रॉयल्स के कैंप में शामिल हुए वैभव सूर्यवंशी, ट्रॉफी जीतने की जताई इच्छा
संपादक की पसंद