आईपीएल 2026 का 16वां मैच राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेला जा रहा है। इस मैच में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। इसका मतलब है कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम इस मैच में पहले बल्लेबाजी करेगी। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम ने इस मैच के लिए प्लेइंग XI में एक बदलाव किया है। जोश हेजलवुड की वापसी हुई है, उन्हें जैकब डफी की जगह प्लेइंग में शामिल किया गया है। हेजलवुड की वापसी का इंतजार RCB की टीम लंबे समय से कर रही थी। जोश हेजलवुड के लिए यह इस सीजन का पहला मैच होगा।
जोश हेजलवुड को लेकर रजत पाटीदार ने क्या कहा?
टॉस के वक्त RCB के कप्तान रजत पाटीदार ने कहा कि यह हमारा पहला अवे मैच है। आप सभी का धन्यवाद। मुझे लगता है कि आप हमें ऐसा महसूस करा रहे हैं, जैसे यह पहले से ही हमारा 'होम ग्राउंड' हो। टीम में बदलाव को लेकर पाटीदार ने कहा कि दुर्भाग्य से, इस मैच में डफी नहीं खेल रहे हैं। डफी की जगह जोश हेजलवुड खेलेंगे। पिछले मैच में डफी ने भी शानदार गेंदबाजी की थी। लेकिन हर कोई जानता है कि जोश एक अनुभवी खिलाड़ी हैं, एक स्पेशलिस्ट हैं। मुझे लगता है कि उनकी मौजूदगी निश्चित रूप से हमें एक अच्छे फ्रेम ऑफ माइंड में रखेगी।
राजस्थान रॉयल्स ने भी प्लेइंग XI में किया है एक बदलाव
रियान पराग ने टॉस जीतने के बाद कहा कि हम पहले गेंदबाजी करेंगे। पिछले कुछ दिनों से बारिश हो रही है और आज भी थोड़ी बारिश हुई है। इसलिए, पिच में थोड़ी नमी होगी। हम इसका फायदा उठाने की कोशिश करेंगे, लेकिन यह एक बहुत अच्छी पिच लग रही है। उन्होंने भी अपनी टीम में एक बदलाव किया है। प्लेइंग XI को लेकर उन्होंने कहा कि तुषार को आराम दिया गया है और उनकी जगह बृजेश को टीम में शामिल किया गया। मैं पूरी टीम के प्रदर्शन से खुश हूं। तो हां, उम्मीद है कि आने वाले मैचों में वे अपना अच्छा प्रदर्शन जारी रखेंगे।
RR vs RCB मैच के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग XI
राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जयसवाल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), शिमरन हेटमायर, डोनोवन फरेरा, रवींद्र जड़ेजा, जोफ्रा आर्चर, नंद्रे बर्गर, संदीप शर्मा, रवि बिश्नोई, ब्रिजेश शर्मा
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: विराट कोहली, फिल साल्ट, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, अभिनंदन सिंह, जोश हेजलवुड
यह भी पढ़ें
फिन एलन के विवादास्पद कैच आउट को लेकर KKR ने जताई नाराजगी, बताया क्या करेगी इसकी शिकायत?+
LSG कब तक देगी अपने इस फ्लॉप प्लेयर को प्लेइंग XI में जगह, 21 करोड़ की कीमत देकर किया था रिटेन