Karun Nair Century: इंग्लैंड दौरे पर फ्लॉप होने वाले टीम इंडिया के बल्लेबाज करुण नायर को टेस्ट टीम से बाहर कर दिया गया था। उस दौरे पर करुण नायर को लगातार मौके मिले लेकिन वहां वह बुरी तरह फ्लॉप रहे। टीम इंडिया से बाहर होने के बाद करुण नायर इन दिनों रणजी ट्रॉफी टूर्नामेंट में खेल रहे हैं। इस टूर्नामेंट में एक बार फिर से नायर फिर से शानदार फॉर्म में लौट चुके हैं और उन्होंने लगातार दूसरे रणजी ट्रॉफी मैच में शतक जड़ दिया है। उनके इस शतकीय पारी के बदौलत कर्नाटक की टीम केरल के खिलाफ मैच में अच्छी स्थिति में पहुंच गई है।
फर्स्ट क्लास क्रिकेट में करुण नायर ने हासिल की बड़ी उपलब्धि
1 नवंबर से मंगलापुरम (तिरुवनतंपुरम) के केसीए क्रिकेट ग्राउंड में खेले जा रहे एलीट ग्रुप-बी के इस मुकाबले में करुण ने पहले ही दिन शानदार शतक जड़ दिया। करुण ने 10 चौके और दो छक्के की मदद से 160 बॉल पर अपना शतक पूरा किया। करुण नायर के लिए यह उनके फर्स्ट क्लास करियर का 26वां शतक है। अपनी इस शतकीय पारी के दौरान करुण ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 9 हजार रन भी पूरे किए। करुण यह उपलब्धि हासिल करने वाले कर्नाटक के छठे बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले राहुल द्रविड़, गुंडप्पा विश्वनाथ, बृजेश पटेल, सैयद किरणी और रॉबिन उथप्पा ये उपलब्धि हासिल कर चुके थे।
करुण ने संभाली कर्नाटक की पारी
करुण ने इससे पहले जारी रणजी ट्रॉफी में गोवा के खिलाफ 174 नाबाद रन की पारी खेली थी। इसके अलावा उन्होंने सौराष्ट्र के खिलाफ करुण ने 73 रनों की शानदार पारी खेली थी। केरल के खिलाफ मैच में कर्नाटक की शुरुआत बेहद खराब रही थी। एक वक्त 13 के स्कोर पर टीम 2 विकेट गंवा चुकी थी। ऐसे में करुण नायर ने पारी को संभाला और शानदार शतक लगाया। उन्होंने कृष्णन श्रीजीत (65 रन) के साथ तीसरे विकेट के लिए 123 रनों की पार्टनरशिप की। इसके बाद करुण नायर ने स्मरण रविचंद्रन के साथ चौथे विकेट के लिए शानदार साझेदारी करके कर्नाटक को 300 के पार पहुंचाया। पहले दिन का खेल खत्म होने तक कर्नाटक ने 3 विकेट के नुकसान पर 319 रन बना लिए हैं। करुण 142 और रविचंद्रन 88 रन बनाकर नाबाद हैं।
टेस्ट टीम में 8 साल बाद हुई थी करुण नायर की वापसी
करुण नायर की बात करें तो आठ साल बाद 2025 में इंग्लैंड दौरे के लिए करुण नायर की भारत की टेस्ट टीम में वापसी हुई थी। लेकिन इंग्लैंड दौरे पर वह रन बनाने के लिए संघर्ष करते हुए नजर आए। इस दौरान उनके बल्ले से चार टेस्ट मैचों की आठ पारियों में 205 रन ही आए थे। इस दौरान उनके बल्ले से सिर्फ एक अर्धशतक आया था। इसके चलते करुण नायर को वेस्टइंडीज सीरीज के लिए बाहर कर दिया था और नायर अब फिर से टेस्ट टीम इंडिया में जगह बनाना चाहते हैं। अब उन्हें साउथ अफ्रीका टेस्ट सीरीज के लिए मौका मिलता है या नहीं यह देखना दिलचस्प होगा।
यह भी पढ़ें