इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का आगाज होने के साथ अब छठा मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद की टीम के बीच में खेला जाएगा। दोनों के लिए आईपीएल 2026 सीजन की शुरुआत बिल्कुल भी उम्मीद के अनुसार नहीं रही जिसमें केकेआर की टीम को उनके पहले मैच में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 6 विकेट से एकतरफा हार का सामना करना पड़ा था। ऐसा ही कुछ हाल सनराइजर्स हैदराबाद का भी देखने को मिला था, जिसमें उनको इस सीजन के अपने पहले मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ 200 से अधिक का स्कोर बनाने के बावजूद 6 विकेट से हार मिली थी। अब ऐसे में दोनों टीमों के लिए ये मुकाबला काफी अहम है जिसमें उनकी नजरें अंकतालिका में अपना खाता भी खोलने पर रहने वाली हैं। ऐसे में हम आपको केकेआर और सनराइजर्स हैदराबाद का एक-दूसरे के खिलाफ हेड टू हेड रिकॉर्ड कैसा है उसके बारे में बताने जा रहे हैं।
केकेआर की टीम का पलड़ा रहा अब तक भारी
आईपीएल के इतिहास में कोलकाता नाइट राइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच में अब तक कुल 30 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें साफतौर पर केकेआर टीम का पलड़ा भारी दिखा है। कोलकाता नाइट राइडर्स ने इसमें से जहां 20 मैचों को अपने नाम किया है तो वहीं सनराइजर्स हैदराबाद की टीम सिर्फ 10 मैच ही जीतने में कामयाब हो सकी है। पिछले सीजन दोनों टीमों के बीच में कुल 2 मुकाबले खेले गए थे, जिसमें से एक मुकाबला जहां केकेआर की टीम अपने नाम करने में कामयाब रही थी, तो वहीं एक मैच सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने जीता था।
ईडन गार्डन्स में ऐसा रहा है दोनों टीमों का रिकॉर्ड
कोलकाता नाइट राइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच में आईपीएल में ईडन गार्डन्स स्टेडियम में रिकॉर्ड को लेकर बात की जाए तो उसमें भी केकेआर का पलड़ा काफी भारी दिखता है। दोनों टीमों ने इस मैदान पर कुल 11 मैच एक-दूसरे के खिलाफ खेले हैं और उसमें से केकेआर की टीम 8 मुकाबलों को अपने नाम करने में कामयाब रही है, जबकि सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने सिर्फ 3 मैच ही जीते हैं। सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने केकेआर को पिछली बार ईडन गार्डन्स के स्टेडियम में आईपीएल 2023 के मुकाबले में मात दी थी, जब उन्होंने मैच को 23 रनों से अपने नाम किया था।
ये भी पढ़ें
IPL 2026: मिचेल स्टार्क क्यों नहीं खेल रहे आज DC vs LSG मैच?
'कोई भी दूसरा गेंदबाज मेरे आस-पास भी नहीं', टीम इंडिया से बाहर चल रहे मोहम्मद शमी का छलका दर्द