भारत में खेले गए T20 वर्ल्ड कप 2026 का बांग्लादेश ने बॉयकॉट किया था। मेन्स T20 वर्ल्ड कप को खत्म हुए अब लगभग 3 महीने बीत चुके हैं, लेकिन बांग्लादेश में वर्ल्ड कप से हटने का मुद्दा अब तक खत्म नहीं हुआ है। बांग्लादेश इस समय ऑस्ट्रेलियाई टीम की मेजबानी कर रहा है। इस दौरान T20 वर्ल्ड कप से बांग्लादेश के हटने का विवाद एक बार फिर गर्मा गया है।
खिलाड़ियों की नहीं थी सहमति
दरअसल, बांग्लादेश टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज लिटन दास ने अब इस फैसले को लेकर बड़ा खुलासा किया है। लिटन दास ने साफ कहा कि खिलाड़ियों से कभी राय नहीं ली गई और भारत में खेलने से इनकार करने का फैसला खिलाड़ियों और बोर्ड की आपसी सहमति से नहीं हुआ था। लिटन ने पूर्व खेल सलाहकार आसिफ नजरुल के उस दावे को भी खारिज कर दिया, जिसमें कहा गया था कि खिलाड़ियों और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड यानी BCB ने मिलकर सुरक्षा कारणों से भारत में मैच न खेलने का फैसला किया था।
दरअसल, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए ICC से अपने ग्रुप स्टेज मैच भारत से बाहर कराने की मांग की थी। हालांकि, ICC ने स्वतंत्र सुरक्षा जांच के बाद साफ कहा था कि बांग्लादेशी खिलाड़ियों और अधिकारियों के लिए किसी तरह का खतरा नहीं है। इसके बावजूद बोर्ड अपने फैसले पर अड़ा रहा, जिसके बाद ICC ने टूर्नामेंट में बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल कर लिया।
प्लेयर्स के साथ मीटिंग को बताया मीडिया स्टंट
अब लिटन दास ने इस पूरे मामले को मीडिया स्टंट करार दिया है। बांग्लादेशी अखबार प्रोथोम आलो से बातचीत में उन्होंने कहा कि जनवरी में खिलाड़ियों के साथ हुई बैठक सिर्फ दिखावे के लिए थी। लिटन ने कहा कि वहां कोई सवाल-जवाब नहीं हुआ था। हम सिर्फ शामिल होने और चाय पीने गए थे। पूरी चीज सिर्फ मीडिया स्टंट थी। उन्होंने यह भी बताया कि खिलाड़ी सिर्फ क्रिकेट खेलना चाहते थे, लेकिन उनकी बातों को नजरअंदाज कर दिया गया। लिटन ने पाकिस्तान दौरे का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां सुरक्षा हालात कहीं ज्यादा सख्त थे।
उन्होंने कहा कि उन्होंने हमसे पूछा कि हम क्या चाहते हैं। एक खिलाड़ी के तौर पर हम सिर्फ क्रिकेट खेलना चाहते थे। लेकिन भारत में सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए गए। उन्होंने कहा कि जब हम पाकिस्तान गए थे, तब हमारे कमरों के बाहर बंदूक लेकर सुरक्षाकर्मी खड़े रहते थे। इससे ज्यादा खतरनाक क्या हो सकता है? लेकिन यह उनका फैसला था, खिलाड़ियों की इसमें कोई भूमिका नहीं थी।
यह भी पढ़ें
अर्जुन तेंदुलकर ने वानखेड़े में मचाया तहलका, 25 गेंदों में ठोक दिया अर्धशतक, गेंद से भी बरपाया कहर
T20I सीरीज के लिए टीम का ऐलान, एक साथ 3 खिलाड़ियों की वेस्टइंडीज स्क्वाड में वापसी