1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. लॉर्ड्स के इतिहास में पहली बार में होगा महिला टेस्ट, मेजबान इंग्लैंड के सामने होगी टीम इंडिया

लॉर्ड्स के इतिहास में पहली बार में होगा महिला टेस्ट, मेजबान इंग्लैंड के सामने होगी टीम इंडिया

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jul 07, 2026 10:35 pm IST,  Updated : Jul 07, 2026 11:08 pm IST

भारत और इंग्लैंड के बीच 10 से 13 जुलाई तक खेला जाने वाला टेस्ट मैच लॉर्ड्स के इतिहास का पहला महिला टेस्ट होगा। यह मुकाबला महिला क्रिकेट के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है और बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है।

Lord's- India TV Hindi
लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड Image Source : AFP

क्रिकेट के मक्का कहे जाने वाले लॉर्ड्स मैदान ने पिछले 142 सालों में अनगिनत ऐतिहासिक मुकाबलों की मेजबानी की है। लेकिन इस जुलाई में यह प्रतिष्ठित मैदान एक और ऐसा अध्याय जोड़ने जा रहा है, जिसका इंतजार महिला क्रिकेट लंबे समय से कर रहा था। पहली बार लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर महिला टेस्ट मैच खेला जाएगा, जहां भारत और इंग्लैंड की टीमें आमने-सामने होंगी।

पहली बार होगा महिला टेस्ट का आयोजन

10 से 13 जुलाई तक खेले जाने वाला यह चार दिवसीय टेस्ट मुकाबला सिर्फ दोनों देशों के बीच एक सीरीज का हिस्सा नहीं, बल्कि महिला क्रिकेट के इतिहास में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। अब तक लॉर्ड्स में कई वूमेन्स ODI और T20I मैच खेले जा चुके हैं, लेकिन इस प्रतिष्ठित मैदान ने कभी महिला टेस्ट की मेजबानी नहीं की थी।

इस ऐतिहासिक मुकाबले का एक खास संयोग भी है। ठीक 50 साल पहले इंग्लैंड की दिग्गज कप्तान रेचल हेहो फ्लिंट पहली महिला कप्तान बनी थीं, जिन्होंने अपनी टीम की अगुआई करते हुए लॉर्ड्स मैदान पर कदम रखा था। अब आधी सदी बाद इंग्लैंड की मौजूदा कप्तान नैट साइवर-ब्रंट इसी मैदान पर टीम का नेतृत्व करेंगी और महिला क्रिकेट के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ेंगी।

भारत और इंग्लैंड महिला क्रिकेट की सबसे मजबूत टीमों में गिनी जाती हैं। ऐसे में चार दिनों तक चलने वाले इस मुकाबले में बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है। क्रिकेट फैंस के लिए यह सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि इतिहास का प्रत्यक्ष गवाह बनने का मौका होगा।

फैंस को मिलेगा अनोखा अनुभव

लॉर्ड्स में आने वाले दर्शकों के लिए सिर्फ क्रिकेट ही आकर्षण का केंद्र नहीं रहेगा। स्टेडियम में स्ट्रीट फूड से लेकर प्रीमियम डाइनिंग तक कई ऑप्शन उपलब्ध होंगे। इसके अलावा कई लग्जरी ब्रांड अपने विशेष स्टॉल लगाएंगे, जहां प्रशंसक इस ऐतिहासिक अवसर की यादगार वस्तुएं भी खरीद सकेंगे। लॉर्ड्स की एक और खासियत यह है कि यहां दर्शकों को अपना खाना-पीना, यहां तक कि सीमित मात्रा में पेय पदार्थ भी साथ लाने की अनुमति है। यही वजह है कि समर में क्रिकेट देखते हुए पिकनिक जैसा अनुभव लेने के लिए भी यह मैदान दुनिया भर में मशहूर है। 10 से 13 जुलाई के बीच होने वाला भारत और इंग्लैंड का यह टेस्ट मुकाबला केवल एक क्रिकेट मैच नहीं होगा, बल्कि महिला क्रिकेट की बढ़ती लोकप्रियता और उसके बदलते दौर का ऐतिहासिक प्रतीक भी बनेगा।

यह भी पढ़ें:

लॉर्ड्स में फाइनल हारने के बाद इमोशनल हुईं नैट सीवर-ब्रंट, कहा- यह मेरा आखिरी वर्ल्ड कप न हो, मैं यही चाहती हूं

VIDEO: सात समंदर पार दिखी वैभव सूर्यवंशी की दीवानगी, लॉर्ड्स टेस्ट मैच के बीच हुई चर्चा

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल