LSG vs GT Live Score: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 17वें सीजन के 21वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जाएंट्स ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ मुकाबले को 33 रनों से अपने नाम किया। इस मैच में लखनऊ सुपर जाएंट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 163 रन बनाए थे, जिसमें मार्कस स्टोइनिस के बल्ले से 58 रनों की शानदार पारी देखने को मिली। वहीं इस टारगेट का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस टीम को गिल और सुदर्शन की जोड़ी ने अच्छी शुरुआत देते हुए पहले विकेट के लिए 54 रनों की साझेदारी की। लेकिन इसके बाद लखनऊ के गेंदबाजों ने मैच में अपनी टीम की वापसी कराते हुए जल्दी-जल्दी विकेट हासिल किए, जिसके चलते गुजरात 18.5 ओवरों में 130 रनों के स्कोर पर सिमट गई। लखनऊ के लिए यश ठाकुर ने जहां 5 विकेट हासिल किए तो वहीं क्रुणाल पांड्या ने 3 जबकि रवि बिश्नोई ने 1 विकेट लिया।