1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. लखनऊ की टीम अब कैसे करेगी प्लेऑफ में एंट्री, ये बन रहे समीकरण

लखनऊ की टीम अब कैसे करेगी प्लेऑफ में एंट्री, ये बन रहे समीकरण

 Published : May 09, 2024 12:52 pm IST,  Updated : May 09, 2024 12:52 pm IST

लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए अब प्लेऑफ की रेस और भी ज्यादा मुश्किल हो गई है। टीम के दो मैच बचे हैं, लेकिन उसका नेट रन रेट काफी खराब हो चुका है।

lucknow super giants in ipl 2024- India TV Hindi
लखनऊ की टीम अब कैसे करेगी प्लेऑफ में एंट्री Image Source : PTI

Lucknow Super Giants Playoff Scenario in IPL 2024: टी20 क्रिकेट में कम ही बार ऐसा होता है, जब कोई टीम 10 विकेट से मैच जीत जाए और वो भी तब, जब दोनों टीमें बराबरी की हों। आईपीएल में बुधवार को ऐसा ही एक मैच खेला गया, जो मैच नहीं, बल्कि मिसमैच नजर आया। पैट कमिंस की कप्तानी वाली सनराइजर्स हैदराबाद ने केएल राहुल की कप्तानी वाली लखनऊ सुपर जायंट्स को 10 विकेट से बुरी तरह से रौंद दिया। इसके बाद अब सवाल खड़े हो गए हैं कि क्या एलएसजी की टीम के लिए अभी कोई संभावना है कि वो प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर सके। चलिए समीकरण समझते हैं। 

एलएसजी के पास इस वक्त 12 अंक 

लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम ने अब तक इस साल के आईपीएल में 12 मैच खेले हैं। इसमें से टीम 6 जीतने में कामयाब रही, वहीं 6 में ही उसे हार मिली है। टीम के पास कुल 12 अंक हैं। वहीं अंक तालिका में टीम इस वक्त छठे स्थान पर काबिज है। हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले से पहले टीम ठीक स्थिति में थी, लेकिन जिस तरह से लखनऊ ​की टीम हारी है, उसके बाद उसकी हालत ज्यादा ही खराब हो गई है। दो अंक तो गए ही, साथ ही उनका नेट रन रेट बुरी तरह से गिर गया है। टीम का नेट रन रेट इस वक्त -0.769 का है, जो काफी खराब है। 

दिल्ली और मुंबई से मुकाबले खेलेगी लखनऊ की टीम 

एलएसजी को अब अपने दो और मैच बचे हुए खेलने हैं। एक मैच दिल्ली कैपिटल्स से होगा, वहीं दूसरा मुकाबला मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेला जाएगा। खास बात ये भी है कि इनमें से एक भी मैच टीम अपने घर पर नहीं खेलेगी। डीसी के खिलाफ उसे दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेलना है, वहीं एमआई के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मैच होगा। वैसे तो सारे खिलाड़ी सभी स्टेडियम में खेलते हैं, लेकिन जब होम ग्राउंड होता है तो खिलाड़ी अपने अलग ही रंग में दिखाई देते हैं, जिसका फायदा अब लखनऊ की टीम को नहीं मिल पाएगा। 

हर हाल में जीतने होंगे दोनों मैच 

लखनऊ सुपर जायंट्स को प्लेऑफ में जाने के लिए अपने बचे हुए दोनों मैच हर हाल में जीतने होंगे और बड़े अंतर से जीतने होंगे। इससे टीम को चार अंक मिलेंगे और जो नेट रन रेट बिल्कुल गर्त में चला गया है, वो भी कुछ बेहतर हो जाएगा। अपने दोनों मैच जीतकर टीम के पास कुल 16 अंक हो जाएंगे। इतना ही नहीं जो टीमें इस वक्त 16 और 14 अंक पर हैं, उम्मीद करनी होगी वे अपने सारे मैच यहां से हार जाएं। इससे टीम उनके बराबर के अंक जुटा पाएगी, लेकिन इसके बाद भी नेट रन रेट का मामला फंस सकता है। लेकिन अगर एलएसजी की टीम यहां से एक भी मैच हारी तो फिर उसकी संभावनाएं पूरी तरह से खत्म हो जाएंगी। देखना होगा कि टीम अब बचे हुए मैचों में कैसा प्रदर्शन करती है। 

यह भी पढ़ें  

मुंबई इंडियंस का आईपीएल 2024 में क्यों हुआ बंटाधार, बड़े खुलासे ने मचाया तहलका

आईपीएल में ऑरेंज कैप की रेस हुई और दिलचस्प, कोहली अभी भी नंबर वन

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल