पाकिस्तान और साउथ अफ्रीका के बीच वनडे सीरीज की शुरुआत हो चुकी है। सीरीज का पहला मैच फैसलाबाद में खेला गया जहां पाकिस्तान ने 2 विकेट से जीत दर्ज की। इस सीरीज में साउथ अफ्रीका की कप्तानी मैथ्यू ब्रिट्जके कर रहे हैं। उन्होंने पहले ही मैच में 54 गेंदों में 42 रन बनाए और इस दौरान उन्होंने एक खास रिकॉर्ड अपने नाम किया। वह वनडे में पहली 7 पारियों के बाद सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।
ब्रिट्जके ने अब तक अपने वनडे करियर में 7 पारियों में 77.83 की औसत से 512 रन बनाए हैं। जिसमें उनके बल्ले से चार अर्धशतक औऱ एक शतक आए हैं। इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर जानेमन मलान का नाम है। साउथ अफ्रीका के इस खिलाड़ी ने पहले 7 पारियों के बाद 506 रन बनाए थे। अब ब्रिट्जके ने उनका रिकॉर्ड तोड़ दिया है। तीसरे नंबर पर नीदरलैंड्स के टॉम कूपर का नाम है, उन्होंने 7 वनडे पारियों में 488 रन बनाए थे। वहीं इमाम उल हक के बल्ले से 7 पारियों के बाद 433 रन आए थे।
पहले वनडे मैच की बात करें तो पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करने उतरी साउथ अफ्रीका की टीम 49.1 ओवर बैटिंग करने के बाद 263 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इस मैच में टीम के लिए क्विंटन डी कॉक टॉप रन स्कोरर रहे उन्होंने 63 रन बनाए। वहीं लुआन-ड्रे प्रिटोरियस ने 57 रन की पारी खेली। वहीं ऑलराउंड कॉर्बिन बोश ने 40 गेंदों में 41 रन बनाए। गेंदबाजी की बात करें तो पाकिस्तान की तरफ से शाहीन शाह अफरीदी और अबरार अहद ने 3-3 विकेट लिए।
टारगेट का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम को भी अच्छी शुरुआत मिली। सलामी बल्लेबाज फखर जमान ने 45 और सैम अयूब ने 39 रन बनाए। टीम के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान और सलमान आगा ने अर्धशतक लगाए। रिजवान 55 और आगा 62 रन बनाकर आउट हुए। इन दोनों के आउट होने के बाद पाकिस्तान की पारी लड़खड़ाती हुई नजर आई। टीम को आखिरी ओवर में 2 गेंद रहते जीत मिली। इस जीत के साथ ही पाकिस्तान की टीम इस सीरीज में 1-0 से आगे हो गई है।
यह भी पढ़ें
IND vs AUS: भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया अगला T20 मैच कब है, ये रहा मैच शुरू होने का सही वक्त
संपादक की पसंद