पाकिस्तान और वेस्टइंडीज के बीच टी20 सीरीज के बाद तीन वनडे मैचों की सीरीज खेली जाएगी। पहला वनडे मुकाबला 8 अगस्त को खेला जाएगा। अब सीरीज शुरू होने से पहले ही वेस्टइंडीज की टीम को तगड़ा झटका लगा है, जब तेज गेंदबाज मैथ्यू फोर्ड चोटिल होने की वजह से पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। ट्रेनिंग सेशन के दौरान कैच लेने की कोशिश करते समय उनके कंधे में चोट लग गई थी।
जोहान लायने को मिली वेस्टइंडीज की स्क्वाड में एंट्री
मैथ्यू फोर्ड की जगह वेस्टइंडीज की टीम में ऑलराउंडर जोहान लायने को शामिल किया गया है। विंडीज की टीम में पहले से ही जेडन सील्स, शमर जोसेफ, रोमारियो शेफर्ड और जेडिया ब्लेड्स तेज गेंदबाज हैं, जो बेहतरीन गेंदबाजी में माहिर हैं। जबकि गुडाकेश मोती स्पिनर के तौर पर जगह बनाए हुए हैं।
मैथ्यू फोर्ड ने वेस्टइंडीज के खिलाफ साल 2023 में डेब्यू किया था। इसके बाद उन्होंने 13 वनडे मैचों में कुल 17 विकेट हासिल किए हैं। वह बैटिंग करने निचले क्रम पर उतरते हैं और अभी तक 172 रन बना चुके हैं, जिसमें एक अर्धशतक शामिल है।
वनडे क्रिकेट में मैथ्यू फोर्ड 16 गेंदों में लगा चुके अर्धशतक
वनडे क्रिकेट के इतिहास में सबसे तेज फिफ्टी जड़ने का रिकॉर्ड संयुक्त रूप से एबी डिविलियर्स और मैथ्यू फोर्ड के नाम है। दोनों ही बल्लेबाज 16-16 गेंदों में अर्धशतक जड़ चुके हैं। फोर्ड ने मई 2025 में आयरलैंड के खिलाफ मैच में 16 गेंदों में फिफ्टी लगाई थी और तब मैच में कुल 19 गेंदों में 58 रन बनाए थे, जिसमें 2 चौके और 8 छक्के शामिल रहे थे।
टी20 सीरीज में मिली थी हार
वेस्टइंडीज की टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज 1-2 से गंवा दी थी। पिछले कुछ समय से वेस्टइंडीज की टीम का फोकस वनडे क्रिकेट पर है। वह पिछले दो वनडे वर्ल्ड कप में हिस्सा नहीं ले पाए हैं। वहीं वनडे वर्ल्ड कप 2027 के लिए अभी उनका क्वालीफाई करना मुश्किल लग रहा है। लेकिन अगर वह अपनी से ज्यादा रैंकिंग वाली पाकिस्तानी टीम को हरा देते हैं, तो उनको खूब फायदा होगा।
यह भी पढ़ें:
DPL 2025: प्वाइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंची ये टीम, इस नंबर पर है वेस्ट दिल्ली लायंस
शुभमन गिल की पहले नंबर की कुर्सी पर मंडराया खतरा, इस पाकिस्तानी बल्लेबाज की नजर