ILT20 2025-26 का सीजन बहुत ही शानदार अंदाज में खेला जा रहा है और फैंस को कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिल रहे हैं। डेजर्ट वाइपर्स की टीम ने धमाकेदार प्रदर्शन किया है और वह पहले ही प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर चुकी है। वहीं दो टीमें ऐसी हैं, जो प्लेऑफ में पहुंचने की प्रबल दावेदार हैं। इनमें एमआई एमिरेट्स और गल्फ जायंट्स की टीमें शामिल हैं।
जीत दर्ज करते ही तीसरे नंबर पर पहुंची एमआई एमिरेट्स की टीम
दुबई कैपिटल्स के खिलाफ जीत दर्ज करते ही एमआई एमिरेट्स की टीम ने प्लेऑफ की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है। टीम ने अभी तक मौजूदा सीजन में कुल 6 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से तीन में जीत दर्ज की है और तीन मुकाबले हारे हैं। 6 अंकों के साथ उसका नेट रन रेट प्लस 0.095 रहा है। वह प्वाइंट्स टेबल में तीसरे नंबर पर है। दुबई कैपिटल्स की टीम चौथे पायदान पर काबिज है। टीम ने अभी तक 6 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से 2 में जीत हासिल की है और चार मुकाबले हारे हैं। उसका नेट रन रेट 0.489 है।
दूसरे नंबर पर काबिज है गल्फ जायंट्स की टीम
गल्फ जायंट्स की टीम भी 0.195 नेट रन रेट के साथ प्वाइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर बनी हुई है। टीम ने अभी तक कुल 6 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से तीन में जीत हासिल की है और तीन मैच हारे हैं। उसके इस समय 6 अंक है। गल्फ जायंट्स के प्लेऑफ में पहुंचने के पूरे आसार दिखाई दे रहे हैं।
राशिद खान ने एमआई एमिरेट्स की टीम को दिलाई जीत
एमआई एमिरेट्स की टीम ने दुबई कैपिटल्स को 7 रनों से हरा दिया। इस लो स्कोरिंग मैच में एमआई एमिरेट्स के लिए जॉनी बेयरस्टो, राशिद खान और नवीन उल हक ने शानदार खेल दिखाया। एमआई की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 137 रन बनाए। तब टीम के लिए बेयरस्टो सबसे बड़े हीरो साबित हुए और उन्होंने 40 गेंदों में कुल 67 रन बनाए, जिसमें 8 चौके और तीन छक्के शामिल रहे।
दुबई कैपिटल्स की टीम के लिए कोई भी बल्लेबाज अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाया। टीम के लिए जॉर्डन कॉक्स ने सबसे ज्यादा 46 रन बनाए और पूरी टीम 130 रनों पर सिमट गई। एमआई एमिरेट्स के लिए राशिद खान ने चार ओवर में 14 रन देकर दो विकेट झटके। अच्छे खेल के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड दिया गया।
यह भी पढ़ें:
लखनऊ T20 मुकाबला रद होने से टीम इंडिया को मिला डायरेक्ट फायदा, साउथ अफ्रीका के सपनों पर फिरा पानी
न्यूजीलैंड के लिए टूट गया सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी का रिकॉर्ड, 2 बल्लेबाजों ने शतकों से किया कमाल