1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. मिचेल ओवेन ने डेब्यू मैच में मचाया तहलका, पोंटिंग-वॉर्नर के बाद ऐसा करने वाले तीसरे ऑस्ट्रेलियन बने

मिचेल ओवेन ने डेब्यू मैच में मचाया तहलका, पोंटिंग-वॉर्नर के बाद ऐसा करने वाले तीसरे ऑस्ट्रेलियन बने

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jul 21, 2025 09:15 am IST,  Updated : Jul 21, 2025 09:36 am IST

ऑस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज के खिलाफ T20I सीरीज का धमाकेदार अंदाज में आगाज किया है। ऑस्ट्रेलिया ने सबीना पार्क में खेले गए पहले T20I में वेस्टइंडीज को 3 विकेट से मात दी।

Mitchell Owen- India TV Hindi
मिचेल ओवेन Image Source : GETTY

AUS vs WI, 1st T20I: ऑस्ट्रेलिया ने 3 मैचों की टेस्ट सीरीज में मेजबान वेस्टइंडीज का 3-0 से क्लीन स्वीप करने के बाद T20I सीरीज का आगाज भी धमाकेदार अंदाज में किया है। किंग्स्टन के सबीना पार्क में खेले गए पहले T20I मैच में ऑस्ट्रेलिय ने डेब्यूटेंट मिचेल ओवेन की तूफानी पारी की बदौलत वेस्टइंडीज को 3 विकेट से हरा दिया। मिचेल ओवेन ने अपने करियर के पहले ही T20I मैच में धमाकेदार अर्धशतक जड़ने का कारनामा किया। इस तरह उन्होंने रिकी पोंटिंग और डेविड वॉर्नर के स्पेशल क्लब में जगह बना ली। 

दरअसल, मिचेल ओवेन T20I डेब्यू में अर्धशतक जड़ने वाले सिर्फ तीसरे ऑस्ट्रेलियन बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले सिर्फ रिकी पोंटिंग और डेविड वॉर्नर ने यह बड़ा कारनामा किया था। ओवेन के नाम ऑस्ट्रेलिया की ओर से T20I डेब्यू में तीसरा सबसे बड़ा स्कोर बनाने का रिकॉर्ड भी दर्ज हो गया है। 23 साल के मिचेल ओवेन ने महज 27 गेंदों पर 50 रनों की पारी खेली, जिसमें 6 गगनचुंबी छक्के जड़े। ओवेन को कैमरून ग्रीन का भरपूर साथ मिला। ग्रीन ने भी 26 गेंदों पर 51 रनों की तूफानी पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 2 चौके और 5 छक्के जड़े।

T20I डेब्यू पर 50+ रन बनाने वाले ऑस्ट्रेलियन बल्लेबाज

  • रिकी पोंटिंग 98* (55) बनाम न्यूजीलैंड, 2005
  • डेविड वार्नर 89 (43) बनाम साउथ अफ्रीका, 2009
  • मिचेल ओवेन 50 (27) बनाम वेस्टइंडीज, 2025

ग्रीन और ओवेन ने दिखाया दम

ग्रीन और ओवेन के अर्धशतक की मदद से ऑस्ट्रेलिया की टीम 190 रन के लक्ष्य के करीब पहुंच गई। दोनों बल्लेबाजों के आउट होने के बाद ऑस्ट्रेलिया की पारी थोड़ा लड़खड़ा गई लेकिन अंत में बेन ड्वार्शुइस और सीन एबट की बदौलत वेस्टइंडीज को एक ओवर पहले ही 3 विकेट से हराने में कामयाब रही। इससे पहले वेस्टइंडीज की टीम ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 189 रनों का स्कोर खड़ा किया। वेस्टइंडीज की ओर से रोस्टन चेज (60) और सलामी बल्लेबाज शे होप (55) ने शानदार अर्धशतक जड़े। ऑस्ट्रेलिया के लिए ड्वार्शुइस ने 4 ओवर में 36 रन देकर सबसे ज्यादा 4 विकेट झटके।

ऑस्ट्रेलिया की लगातार चौथी जीत

वेस्टइंडीज दौरे पर ऑस्ट्रेलिया की यह लगातार चौथी जीत है। इस तरह ऑस्ट्रेलिया ने 3 मैचों की T20I सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। इससे पहले 3 मैचों की टेस्ट सीरीज में वेस्टइंडीज को 0-3 से हार का सामना करना पड़ा था। अब दूसरा T20I मैच 22 जुलाई को सबीना पार्क में खेला जाएगा। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल