1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. जसप्रीत बुमराह जल्द लेंगे टेस्ट क्रिकेट से संन्यास? पूर्व क्रिकेटर के बयान से मची सनसनी

जसप्रीत बुमराह जल्द लेंगे टेस्ट क्रिकेट से संन्यास? पूर्व क्रिकेटर के बयान से मची सनसनी

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jul 26, 2025 02:59 pm IST,  Updated : Jul 26, 2025 02:59 pm IST

भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे चौथे टेस्ट मैच में तीसरे दिन भारतीय गेंदबाजों की जमकर धुनाई हुई। इंग्लिश बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 500 से ज्यादा रन स्कोरबोर्ड पर लगा दिए।

Jasprit Bumrah- India TV Hindi
जसप्रीत बुमराह Image Source : GETTY

Jasprit Bumrah: मैनचेस्टर टेस्ट के तीसरे दिन भारतीय तेज गेंदबाजों का प्रदर्शन खासा निराशाजनक रहा। टीम के सबसे अनुभवी तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी अपनी छाप नहीं छोड़ पाए। इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजी की जमकर धज्जियां उड़ाईं और दिन के अंत तक स्कोरबोर्ड पर 500 से अधिक रन टांग दिए। बुमराह ने तीसरे दिन 28 ओवरों में 95 रन खर्च कर केवल एक विकेट लिया। बीच मैच में वह थोड़ी देर के लिए मैदान से बाहर भी गए, जिससे एक बार फिर उनकी फिटनेस पर सवाल खड़े हो गए।

इस प्रदर्शन को देखते हुए पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने एक चौंकाने वाली भविष्यवाणी की है। कैफ का मानना है कि इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट में अपेक्षित प्रदर्शन न कर पाने के बाद जसप्रीत बुमराह टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले सकते हैं।

मोहम्मद कैफ का बड़ा बयान

मोहम्मद कैफ के इस चौंकाने वाले बयान के पीछे बुमराह की धीमी गेंदबाजी भी है, जो तीसरे दिन देखने को मिली। दरअसल, बुमराह सामान्य तौर पर 140 किमी प्रति घंटे की स्पीड से गेंदबाजी करते हैं, लेकिन मैनचेस्टर टेस्ट में तीसरे दिन उनकी स्पीड काफी कम दिखी। उन्होने ज्यादातर गेंदें 130-135 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से फेंकी, जो हेडिंग्ले में खेले गए सीरीज के पहले टेस्ट की तुलना में काफी कम है।

कैफ ने एक्स पर एक वीडियो में कहा कि उन्हें लगता है कि जसप्रीत बुमराह आने वाले टेस्ट मैचों में नहीं खेलेंगे। वह शायद संन्यास भी ले लें। वह अपने शरीर के साथ संघर्ष कर रहे हैं। इस टेस्ट मैच में उनकी स्पीड काफी कम हो गई है। बुमराह एक ईमानदार इंसान हैं, अगर उन्हें लगता है कि वह अपना 100 प्रतिशत नहीं दे पा रहे, तो वह खुद को इस फॉर्मेट से अलग कर लेंगे। विकेट न मिलना एक अलग बात है, लेकिन उनकी गेंदों की स्पीड भी 125-130 किमी प्रति घंटे तक सिमट गई है।

'मेरी भविष्यवाणी गलत साबित हो'

कैफ ने आगे कहा कि बुमराह के जज्बे को लेकर कोई शक नहीं, लेकिन अब उनका शरीर जवाब देने लगा है। इस टेस्ट में खराब प्रदर्शन साफ दिखाता है कि आगे जाकर उन्हें टेस्ट मैच खेलने में दिक्कत होगी। शायद वह टेस्ट क्रिकेट से ही दूर हो जाएं। विराट कोहली, रोहित शर्मा और अश्विन के बाद अब भारतीय फैंस को बुमराह के बिना खेल देखने की आदत डालनी होगी। हालांकि, वह चाहते हैं कि उनकी यह भविष्यवाणी गलत साबित हो।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल