1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. बाप सेर तो बेटा सवा सेर, पिता मोहम्मद नबी और बेटे हसन ने मिलकर मचाया तहलका, T20 में रचा नया इतिहास

बाप सेर तो बेटा सवा सेर, पिता मोहम्मद नबी और बेटे हसन ने मिलकर मचाया तहलका, T20 में रचा नया इतिहास

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jan 11, 2026 10:26 pm IST,  Updated : Jan 11, 2026 11:30 pm IST

बांग्लादेश प्रीमियर लीग के एक मैच में अनोखा नजारा देखने को मिला। बाप और बेटे की जोड़ी साथ में बल्लेबाजी करते नजर आए और गेंदबाजों की जमकर खबर ली।

Bangladesh Premier Lague- India TV Hindi
मोहम्मद नबी और हसन Image Source : BPL SCREENGRAB AND @BCBTIGERS

बांग्लादेश प्रीमियर लीग यानी BPL में 11 जनवरी को एक यादगार लम्हा देखने को मिला, जब अनुभवी अफगान ऑलराउंडर मोहम्मद नबी और उनके बेटे हसन ईसाखिल ने मिलकर नोआखाली एक्सप्रेस की ओर से शानदार प्रदर्शन किया। इसके साथ ही नबी-ईसाखिल टॉप-टियर T20 लीग में एक साथ बैटिंग करने वाली पहली पिता-पुत्र की जोड़ी बन गई।

ढाका कैपिटल्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में इस पिता–पुत्र की जोड़ी ने सिर्फ 30 गेंदों में 53 रनों की अहम साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। इस मैच में हसन ईसाखिल ने अपनी बल्लेबाजी से सभी का ध्यान खींचा। युवा बल्लेबाज ने 60 गेंदों पर 92 रनों की यादगार पारी खेली, जिसमें सात चौके और पांच गगनचुंबी छक्के शामिल रहे। वहीं, मोहम्मद नबी ने संयमित अंदाज में 13 गेंदों पर 17 रन बनाए, जिसमें दो चौके शामिल थे। 

पिता और बेटे की जोड़ी ने लूटी महफिल

बाप और बेटे की यह अहम साझेदारी 18वें ओवर में टूटी, जब अब्दुल्ला अल मामुन ने मोहम्मद नबी को आउट किया। इसके बाद 19वें ओवर में मोहम्मद सैफुद्दीन ने ईसाखिल का विकेट चटकाया। यह साझेदारी ऐसे समय आई, जब टीम अपने शुरुआती बल्लेबाज सौम्य सरकार का विकेट गंवा चुकी थी। इससे पहले, ईसाखिल और सौम्य सरकार ने पारी की मजबूत शुरुआत की और ढाका के गेंदबाजों पर दबाव बनाया। दोनों ने मिलकर टीम का स्कोर 100 के पार पहुंचाया, लेकिन यहीं से मैच का रुख बदला। अब्दुल्ला अल मामुन ने सौम्य सरकार को 25 गेंदों पर 48 रन पर आउट कर नोआखाली को पहला बड़ा झटका दिया। सौम्य के आउट होने के बाद नोआखाली की पारी लड़खड़ा गई। शाहदत हुसैन (3) और हबीबुर रहमान सोहान (4) सस्ते में पवेलियन लौट गए। ऐसे मुश्किल हालात में मोहम्मद नबी क्रीज पर आए और अपने बेटे के साथ मिलकर पारी को संभाला। नबी ने सपोर्टिंग रोल निभाते हुए साझेदारी को आगे बढ़ाया, जिससे नोआखाली एक्सप्रेस की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 184 रन का सम्मानजनक स्कोर खड़ा करने में सफल रही।

पिता को बेटे हसन से काफी उम्मीदें

मोहम्मद नबी को अपने बेटे से काफी उम्मीदें हैं। नबी का मानना है कि उनका बेटा एक दिन सीनियर टीम में उनके साथ खेलेगा। हाल ही में डेली सन से बात करते हुए उन्होंने कहा था कि यह उनका सपना है। उम्मीद है हम ऐसा कर पाएंगे। वह बहुत अच्छा कर रहा है। वह बहुत मेहनती है और वह भी उसे काम करने के लिए प्रेरित कर रहा हूँ। वह चाहते हैं कि उनका बेटा अपने खुद के लक्ष्य बनाए, अगर आप एक हाई-लेवल क्रिकेटर बनना चाहते हैं, तो आपको कड़ी मेहनत करनी होगी। 50 या 60 रन बनाना काफी नहीं है, आपको 100 से ज्यादा रन बनाने होंगे। वह उनकी बात सुनता है और हर समय कोशिश करता रहता है।

गौरतलब है कि हसन ईसाखिल ने इंटरनेशनल लेवल पर भी अपनी मौजूदगी दर्ज करानी शुरू कर दी है। उन्होंने हाल ही में अफगानिस्तान अंडर-19 टीम की ओर से भारत अंडर-19 के खिलाफ मैच में सिर्फ 32 गेंदों में अर्धशतक जड़कर क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींचा था।

यह भी पढ़ें:

रोहित शर्मा ने रचा इतिहास, क्रिकेट की दुनिया में ऐसा करिश्मा करने वाले बने इकलौते खिलाड़ी

विराट कोहली ने ध्वस्त किया सचिन तेंदुलकर का वर्ल्ड रिकॉर्ड, कुमार संगकारा को भी पछाड़ा

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल