भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप ट्रॉफी को लेकर तनाव जारी है। एशिया कप 2025 का खिताब जीतने के बावजूद टीम इंडिया को अब तक ट्रॉफी नहीं मिली है। BCCI एशियन क्रिकेट काउंसिल यानी ACC को कई बार मेल कर चुकी है लेकिन PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी ने ट्रॉफी देने की जहमत नहीं उठाई है। मोहसिन नकवी PCB चेयरमैन होने के अलावा ACC चेयरमैन भी हैं। इस बीच मोहसिन नकवी को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है।
दरअसल, मोहसिन नकवी के ICC मीटिंग में गैरहाजिर रहने की संभावना है। ऐसा माना जा रहा है कि घरेलू राजनीतिक मुद्दों के कारण पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी शायद दुबई में ICC की एग्जीक्यूटिव बोर्ड मीटिंग में शामिल नहीं हो पाएंगे, जहां BCCI एशिया कप ट्रॉफी भारत को न दिए जाने का मुद्दा उठाने वाला है। चार दिन की यह मीटिंग 4 नवंबर को शुरू हुई और नकवी को BCCI के गुस्से का सामना करना पड़ सकता है क्योंकि जीतने वाले खिलाड़ियों ने उनके भारत विरोधी बयानों के कारण उनसे ट्रॉफी लेने से मना कर दिया था।
लंबे समय से ICC मीटिंग में नहीं लिया है हिस्सा
PCB के सूत्र ने उन सटीक राजनीतिक मुद्दों के बारे में नहीं बताया जो उनके मीटिंग में शामिल होने में रुकावट बन सकते हैं। नकवी अपने देश में गृह मंत्री का पद भी संभालते हैं और पिछले साल जय शाह के दुनिया की इस संस्था के चेयरमैन चुने जाने के बाद से उन्होंने ICC की किसी भी मीटिंग में हिस्सा नहीं लिया है।
PCB के एक सूत्र ने बताया कि बोर्ड के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर सुमैर सैयद चीफ एग्जीक्यूटिव्स की मीटिंग में शामिल होंगे और अगर नकवी दुबई नहीं जा पाते हैं, तो वह 7 नवंबर को होने वाली इस बहुत जरूरी बोर्ड मीटिंग में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं। एशिया कप ट्रॉफी सितंबर के आखिर में फाइनल होने के बावजूद दुबई में एशियन क्रिकेट काउंसिल के हेडक्वार्टर में बंद पड़ी है। सूत्र ने बताया कि इस बात की भी संभावना है कि नकवी बोर्ड मीटिंग में वर्चुअली शामिल हों।
एशिया कप की ट्रॉफी को लेकर जारी तनातनी
गौरतलब है कि एशिया कप का खिताब जीतने के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान के मंत्री मोहसिन नकवी के हाथों ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था। कई घंटों तक ट्रॉफी को लेकर मैदान पर जमकर ड्रामा हुआ, जिसके बाद ट्रॉफी को दुबई में ACC सेक्रेटेरिएट भेज दिया था। तब से नकवी इस बात पर जोर दे रहे हैं कि भारतीय टीम को ट्रॉफी उन्हीं से लेनी होगी और उन्होंने ACC स्टाफ को उनकी इजाजत के बिना ट्रॉफी को कहीं और न ले जाने का आदेश दिया है।
BCCI ने ACC को एक लेटर लिखकर ट्रॉफी मुंबई भेजने के लिए कहा था, लेकिन नकवी इस बात पर अड़े हैं कि यह ट्रॉफी 10 नवंबर को दुबई में एक फंक्शन में BCCI के प्रतिनिधि और भारतीय टीम के सदस्य को सिर्फ वही सौंपेंगे।
(PTI Inputs)
यह भी पढ़ें:
राहुल द्रविड़ के बेटे के क्रिकेट में बढ़ते कदम, अब इस टूर्नामेंट के लिए मिल गई जगह
शेफाली वर्मा को मिल गई कप्तानी की जिम्मेदारी, स्क्वाड का ऐलान; इन प्लेयर्स की हुई एंट्री