ICC वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 12 जून से होने वाली है। टूर्नामेंट का पहला मैच इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच एजबेस्टन में खेला जाएगा। क्रिकेट फैंस इस टूर्नामेंट का इंतजार बेसब्री के साथ कर रहे हैं। अब तक इस टूर्नामेंट के 9 संस्करण खेले जा चुके हैं लेकिन हैरान करने वाली बात ये है कि सिर्फ 4 टीमें ही अभी तक इस ट्रॉफी को जीत पाई हैं। आज हम आपको बताएंगे कि हर संस्करण में किस टीम ने बाजी मारी और किस टीम ने सबसे ज्यादा बार महिला टी20 वर्ल्ड कप जीता है।
पहले एडिशन में इंग्लैंड बनी थी चैंपियन
2009 में इंग्लैंड में पहला महिला टी-20 वर्ल्ड कप खेला गया था, जिसे मेजबान इंग्लैंड की टीम ने ही जीता था। तब से लेकर 2024/25 में न्यूजीलैंड की ऐतिहासिक जीत तक, इस टूर्नामेंट के सफर में कई शानदार और यादगार पल देखने को मिले हैं। दूसरे संस्करण से ऑस्ट्रेलिया ने महिला क्रिकेट में अपना दबदबा बनाना शुरू किया। 2010 में वेस्टइंडीज की मेजबानी में खेले गए इस टूर्नामेंट को ऑस्ट्रेलिया ने अपने नाम किया। फिर 2012-13 में श्रीलंका में भी उन्होंने खिताब जीतकर दूसरी बार ट्रॉफी अपने नाम की। 2013-14 में बांग्लादेश में खेले गए टूर्नामेंट में भी ऑस्ट्रेलिया ने जीत हासिल की और लगातार अपने प्रदर्शन से दुनिया को प्रभावित किया।
2016 में वेस्टइंडीज की महिला टीम ने जीता था खिताब
महिला टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में कई टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया है। वेस्टइंडीज की महिला टीम ने 2016 में भारत में आयोजित टूर्नामेंट जीतकर पहली बार यह खिताब अपने नाम किया था। इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम का दबदबा रहा, जिसने लगातार तीन बार 2018 में वेस्टइंडीज में, 2020 में अपने घरेलू मैदान पर और 2023 में साउथ अफ्रीका में चैंपियन बनकर अपनी ताकत दिखाई। वहीं, हाल ही में 2024 में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में खेले गए वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड की टीम ने सबको चौंकाते हुए पहली बार यह ट्रॉफी जीती और एक नया इतिहास रच दिया।
टी20 वर्ल्ड कप में अभी तक ऑस्ट्रेलिया का रहा है दबदबा
कुल मिलाकर ऑस्ट्रेलिया ने सबसे ज्यादा 6 बार महिला टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता है जबकि भारतीय टीम अभी तक एक भी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब नहीं जीत पाई है लेकिन इस बार जिस फॉर्म में टीम खेल रही है शायद भारतीय टीम सालों का सूखा खत्म कर सकती है क्योंकि हाल ही में हुए वनडे वर्ल्ड कप में भी भारत ने वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रचा था और इस बार भी फैंस को कुछ ऐसी ही उम्मीद होगी। अब देखना ये होगा इस वर्ल्ड कप में उनका प्रदर्शन कैसा रहता है।
यह भी पढ़ें
IND vs SL: रुतुराज गायकवाड का वनडे में धमाकेदार शतक, कप्तान तिलक वर्मा भी छाए