MS Dhoni Viral Video: IPL 2026 का आगाज मार्च के आखिरी हफ्ते में होने वाला है। इसको लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो आईपीएल के 19वें सीजन की शुरुआत 28 मार्च से हो सकती है। आगामी आईपीएल सीजन के लिए सभी 10 फ्रेंचाइजियों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। पांच बार की आईपीएल चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स के प्लेयर्स भी अगले सीजन के लिए जोर-शोर से तैयारियां कर रहे हैं। इस बीच सोशल मीडिया पर एमएस धोनी का एक प्रैक्टिस सेशन का वीडियो काफी तेजी से वायरल हो रहा है।
CSK ने शेयर किया एमएस धोनी का फनी वीडियो
दरअसल चेन्नई सुपर किंग्स फ्रेंचाइजी ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर एक मजेदार वीडियो को फैंस के साथ शेयर किया है। ये वीडियो सिर्फ 7 सेकेंड का है जिसमें नेट्स में एक बाएं हाथ का स्पिन गेंदबाज धोनी को ऑफ साइड की तरफ एक बेहद ही वाइड बॉल फेंकते हुए नजर आ रहे हैं। धोनी पहले शॉट खेलने के लिए आगे बढ़ते हैं लेकिन वाइड गेंद को देखकर इसे छोड़ देते हैं। इसके बाद वो बच्चे की तरह उछलते हुए अपने हाथ फैलाते हैं और वाइड बॉल का इशारा करते हैं। उनका ये वीडियो फैंस काफी पसंद कर रहे हैं।
आईपीएल में अनकैप्ड प्लेयर के तौर पर खेलते हैं एमएस धोनी
आपको बता दें कि भारत के लिए 350 वनडे, 98 टी20 और 90 टेस्ट खेलने वाले दिग्गज खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल में अनकैप्ड प्लेयर के तौर पर खेलते हैं। धोनी की कैप्टेंसी में टीम इंडिया ने तीनों ICC ट्रॉफी (चैंपियंस ट्रॉफी, ODI और T20 वर्ल्ड कप) अपने नाम की थी। वो आईपीएल 2026 में भी चेन्नई सुपर किंग्स के लिए एक अनकैप्ड खिलाड़ी के तौर पर खेलते नजर आएंगे। धोनी ने साल 2020 में इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। IPL के नियम के अनुसार यदि कोई भारतीय खिलाड़ी पिछले 5 साल से इंटरनेशनल क्रिकेट नहीं खेला तो उसे अनकैप्ड खिलाड़ी माना जाता है। यही वजह है चेन्नई सुपर किंग्स ने इस दिग्गज खिलाड़ी को सिर्फ 4 करोड़ रुपये में एक अनकैप्ड प्लेयर के तौर पर रिटेन किया है।
आईपीएल में अब तक कैसा रहा है एमएस धोनी का प्रदर्शन?
एमएस धोनी के आईपीएल करियर की बात करें तो 44 साल के माही इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने IPL के पहले सीजन से लेकर अब तक कुल 278 मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 38.30 की औसत से 5439 रन बनाए हैं। उनकी कप्तानी में चेन्नई की टीम ने पांच बार आईपीएल का खिताब अपने नाम किया।
यह भी पढ़ें
टी20 विश्व कप 2026 के बीच कैसी है टीमों की आईसीसी रैंकिंग, कहां हैं सेमीफाइनल में जाने वाली 4 टीमें