इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का 33वां लीग मुकाबला जिसका इंतजार सभी फैंस काफी बेसब्री के साथ कर रहे हैं, उसमें मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स की टीम के बीच में भिड़ंत देखने को मिलेगी। दोनों ही टीमों का सफर इस सीजन अब तक कुछ खास नहीं रहा है, जिसमें उन्होंने 6-6 मुकाबले खेले हैं और उसमें सिर्फ 2 मैचों को ही जीतने में कामयाब हो सके हैं। ऐसे में मुंबई और सीएसके दोनों ही टीमों के लिए ये मैच काफी अहम रहने वाला है। इस मैच में सभी की नजरें एमएस धोनी की वापसी पर भी रहने वाली है जो अब तक इस सीजन में एक भी मुकाबला अनफिट होने की वजह से नहीं खेले हैं। ऐसे में यदि धोनी खेलते हैं तो उनके और जसप्रीत बुमराह के बीच में होने वाली टक्कर को देखने का इंतजार सभी को रहने वाला है।
अब तक ऐसा रहा है धोनी का बुमराह के खिलाफ रिकॉर्ड
एमएस धोनी को जहां वर्ल्ड क्रिकेट में बेस्ट फिनिशर बल्लेबाज के रूप में पहचाना जाता है जिसमें उन्होंने कई बार आखिरी ओवर्स में मुकाबले का पासा पलटने के साथ अपनी टीम को जीत दिलाई है। वहीं दूसरी तरफ जसप्रीत बुमराह को लेकर बात की जाए तो उनके खिलाफ किसी भी बल्लेबाज के लिए डेथ ओवर्स में तेजी से रन बनाना सबसे मुश्किल काम दिखा है। ऐसे में धोनी का आईपीएल में बुमराह के खिलाफ रिकॉर्ड को लेकर बात की जाए तो उन्होंने कुल 65 गेंदों का सामना किया है। इसमें धोनी ने जहां 15.5 के औसत से 62 रन बनाए हैं तो उन्होंने बुमराह को तीन चौके और 2 छक्के लगाए हैं। बुमराह को धोनी अब तक 4 बार आईपीएल में आउट करने में कामयाब रहे हैं। वहीं धोनी का बुमराह के खिलाफ स्ट्राइक रेट को लेकर बात की जाए तो वह 95.38 का रहा है।
बुमराह इस सीजन हासिल कर सके अब तक सिर्फ एक विकेट
जसप्रीत बुमराह जिनकी गेंदों का सामना करते समय बल्लेबाज हमेशा दबाव महसूस करता है वह आईपीएल 2026 सीजन के पहले 5 मैचों में एक भी विकेट हासिल करने में कामयाब नहीं हो सके थे। इसके बाद बुमराह ने आईपीएल के इस सीजन में अपना पहला विकेट गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच में साई सुदर्शन के रूप में हासिल किया। बुमराह ने अब तक आईपीएल 2026 में 6 मैचों में खेलते हुए कुल 22 ओवर्स की गेंदबाजी करते हुए 179 रन दिए हैं और उसमें इकॉनमी रेट 8.14 का रहा है।
ये भी पढ़ें