1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL 2026 में Mumbai Indians की ऐसी हालत क्यों हुई, हार्दिक पांड्या की कप्तानी में आखिर कहां हो गई गड़बड़ी

IPL 2026 में Mumbai Indians की ऐसी हालत क्यों हुई, हार्दिक पांड्या की कप्तानी में आखिर कहां हो गई गड़बड़ी

 Written By: Abhishek Pandey @anupandey29
 Published : May 03, 2026 12:58 pm IST,  Updated : May 03, 2026 12:58 pm IST

आईपीएल 2026 सीजन का आगाज होने से पहले सभी को उम्मीद थी कि मुंबई इंडियंस का इस बार मैदान पर बेहतर प्रदर्शन देखने को मिलेगा, लेकिन इसके विपरीत ही नजारा देखने को मिला, जिसमें अब वह प्लेऑफ में पहुंचने की रेस से भी लगभग बाहर हो चुकी है।

Hardik Pandya- India TV Hindi
हार्दिक पांड्या Image Source : AP

इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का आगाज होने से पहले किसी ने भी ये कल्पना नहीं की थी कि प्लेऑफ की रेस सबसे पहले बाहर होने का खतरा जिस टीम पर आएगा वह कोई और नहीं बल्कि 5 बार ट्रॉफी को अपने नाम करने वाली मुंबई इंडियंस की टीम होगी। आईपीएल 2026 मुंबई के लिए किसी बुरे सपने से कम साबित नहीं हुआ जिसमें 2 मई को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ हुए मैच में मिली हार के बाद उनके कप्तान हार्दिक पांड्या के बयान में भी ये बात लगभग साफ हो गई। सीएसके के खिलाफ मैच में हार के बाद हार्दिक ने माना कि यह पूरा सीजन ही हमारा नहीं है। इस सीजन आखिर मुंबई इंडियंस की ऐसी हालत क्यों हुई अब इसको लेकर भी चर्चा देखने को मिल रही है, जिसके पीछे का सबसे बड़ा कारण कप्तान हार्दिक पांड्या के गलत फैसलों के साथ और भी कई बड़ी वजह है।

स्टार बल्लेबाजों का लगातार असफल होना

मुंबई इंडियंस का आईपीएल 2026 का स्क्वाड देखा जाए तो उसमें एक से एक ऐसे बेहतरीन खिलाड़ियों के नाम शामिल हैं जो टी20 क्रिकेट में अकेले दम पर मुकाबला जिताने की क्षमता रखते हैं। इसमें सबसे पहले टीम इंडिया के मौजूदा टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव का नाम आता है जिनके सामने गेंदबाज भी बॉलिंग करते समय दबाव में रहता है। हालांकि इस सीजन सूर्यकुमार यादव मैचों में खेलते हुए सिर्फ 20 के औसत से 183 रन ही बनाने में कामयाब हो सके। इसके बाद दूसरा नाम तिलक वर्मा का है जिन्होंने एक मैच में शतकीय पारी तो खेली लेकिन उसके बाद अपने फॉर्म को बरकरार रखने में कामयाब नहीं हो सके। ऐसे में इन दोनों ही खिलाड़ियों को लगातार प्लेइंग 11 में बनाए रखने का फैसला भी मुंबई इंडियंस को भारी पड़ा जिसमें वह इनके फॉर्म को देखते हुए स्क्वाड में मौजूद अन्य विकल्प को भी आजमा सकते थे।

रोहित शर्मा का अनफिट होना पड़ा भारी

हिटमैन रोहित शर्मा जिनकी कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने अब तक आईपीएल में 5 ट्रॉफी को अपने नाम किया है उनका इस सीजन चार मैचों के बाद चोटिल होना भी उनकी टीम पर भारी पड़ गया। रोहित जो अभी तक पूरी तरह से फिट नहीं हो सके हैं उन्होंने 4 मैचों में खेलते हुए 45 के औसत से 137 रन बनाए थे। वहीं उनका अनुभव भी मैदान पर साफतौर पर मुंबई इंडियंस के लिए एक बड़ी कमी के तौर पर सामने आ रहा है।

बुमराह के खिलाफ दूसरी टीमों की बेहतर तैयारी

जसप्रीत बुमराह जिनकी गिनती मौजूदा समय में तीनों फॉर्मेट के बेहतरीन तेज गेंदबाजों में की जाती है उनका आईपीएल 2026 सीजन शुरू होने से पहले खेले गए टी20 वर्ल्ड कप में गेंद से काफी बेहतरीन प्रदर्शन देखने को मिला था। लेकिन आईपीएल का आगाज होने के साथ मुंबई इंडियंस की उनको लेकर कोई बेहतर रणनीति देखने को नहीं मिली। इसमें कुछ मैचों में जहां बुमराह को पहले 6 ओवर्स खत्म होने के बाद बॉलिंग अटैक पर लाया जा रहा था, तो वहीं इसके बाद बुमराह से शुरुआती ओवर्स में गेंदबाजी कराई जाने लगी। हालांकि इसका कुछ खास असर देखने को नहीं मिला जिसमें विरोधी टीम के बल्लेबाज बुमराह के खिलाफ अधिक बेहतर तरीके से खेलते हुए नजर आए जिनके खिलाफ पहले वह खेलने में दबाव में देखे जाते थे। इस सीजन बुमराह 9 मैचों में सिर्फ तीन विकेट ही लेने में कामयाब हो सके।

कप्तानी के साथ ऑलराउंडर की भूमिका में भी फिसड्डी दिखे हार्दिक पांड्या

मुंबई इंडियंस की आईपीएल 2026 सीजन में इस दुर्गति का बड़ा कारण उनके कप्तान हार्दिक पांड्या को माना जा है, क्योंकि इससे पहले ये देखने को मिला है कि मुंबई इंडियंस शुरुआती मैचों में हार के बाद भी वापसी करने में कामयाब रही है, लेकिन ऐसा इस बार बिल्कुल भी देखने को नहीं मिला। इसकी सबसे बड़ी वजह हार्दिक पांड्या का एक कप्तान और ऑलराउंडर के रूप में पूरी तरह संघर्ष करना। कप्तान के तौर पर दबाव भरे मौकों पर हार्दिक पांड्या उस तरह का फैसला लेने में लेने में नाकामयाब रहे जिसको लेकर उनसे सभी को उम्मीद थी, जिसमें अहम समय में गेंदबाजी में बदलाव करना या फिर फील्डिंग में थोड़ा आक्रामक होना, लेकिन ऐसा कुछ भी देखने को नहीं। वहीं हार्दिक एक ऑलराउंडर खिलाड़ी के तौर पर भी कुछ खास योगदान नहीं दे सके जिसमें बल्ले से जहां वह 20 के औसत से कुल 146 रन ही बना सके तो वहीं गेंदबाजी में सिर्फ चार विकेट ही लेने में कामयाब हो सके।

पावरप्ले में आक्रामक खेल की दिखी साफ कमी

आईपीएल 2026 सीजन में जहां कई टीमें पहले 6 ओवर्स में आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 70 से अधिक रन बनाते हुए दिखी हैं, तो वहीं इस मामले में मुंबई इंडियंस के खेल में पूरी तरह से आक्रामकता की कमी दिखाई दी है। मुंबई इंडियंस ने 9 मैचों में खेलते हुए सिर्फ एक बार ही 70 रन से अधिक रन बना सकी है, जिसके पीछे का बड़ा कारण पहले 6 ओवर्स में उनका अधिक विकेट गंवाना भी रहा है। ऐसे में कई मैचों में मुंबई इंडियंस की टीम उम्मीद के अनुसार बड़ा स्कोर भी बनाने में कामयाब नहीं हो सकी जिसका बचाव उनके गेंदबाज कर सके।

अब मुंबई इंडियंस के पास आखिर बचा क्या मौका

अभी आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस की टीम को लीग स्टेज में 5 मुकाबले और खेलने हैं, जिसमें यदि वह सभी मैचों को जीतने में कामयाब होते हैं तो कुल 14 अंकों के साथ खत्म करेंगे ऐसे में उनके पास प्लेऑफ में पहुंचने का सिर्फ एक चांस है लेकिन इसके लिए उन्हें बाकी बचे मैचों के परिणाम पर भी निर्भर करना होगा। वहीं यदि यहां से मुंबई इंडियंस एक भी मुकाबले में हार का सामना करती है तो उनका ये सीजन लीग स्टेज मैच खत्म होने के साथ ही समाप्त हो जाएगा।

ये भी पढ़ें

क्या अब IPL 2026 के प्लेऑफ में नहीं पहुंच पाएगी मुंबई इंडियंस? या अभी भी है मौका; जानें पूरा गणित

IPL 2026: हार्दिक पांड्या ने CSK से हार के बाद दिया बड़ा बयान, कहा - मुझे नहीं लगता है कि ये हमारा सीजन है

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल