इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में न्यूजीलैंड ने ऐसा कारनामा कर दिखाया, जो पिछले 142 सालों में कोई भी टीम नहीं कर पाई थी। पहले टेस्ट में हार झेलने के बावजूद न्यूजीलैंड ने दमदार वापसी की और तीन मैचों की टेस्ट सीरीज 2-1 से जीतकर इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लिया।
29 जून को नॉटिंघम के ट्रेंट ब्रिज मैदान पर खेले गए निर्णायक तीसरे टेस्ट में टॉम लैथम की कप्तानी वाली न्यूजीलैंड टीम ने इंग्लैंड को 160 रन से हराकर सीरीज अपने नाम की। खास बात यह रही कि न्यूजीलैंड ने लॉर्ड्स में खेला गया पहला टेस्ट 115 रन से गंवा दिया था। इसके बाद टीम ने जबरदस्त वापसी की। दूसरे टेस्ट में टीम ने वापसी करते हुए शानदार प्रदर्शन किया। कीवी टीम ने लंदन के ओवल मैदान पर 253 रन की बड़ी जीत दर्ज कर सीरीज बराबर कर दी। इसके बाद निर्णायक मुकाबले में भी न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड को कोई मौका नहीं दिया।
पहली बार हुआ ऐसा
इस जीत के साथ न्यूजीलैंड क्रिकेट इतिहास की पहली ऐसी टीम बन गई है जिसने इंग्लैंड में तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला हारने के बाद भी सीरीज जीत ली। इंग्लैंड ने पहली बार 1884 में तीन टेस्ट मैचों की सीरीज की मेजबानी की थी। तब से लेकर अब तक इंग्लैंड की धरती पर 56 तीन मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जा चुकी हैं, लेकिन ऐसा कारनामा पहले कभी नहीं हुआ था। आपको बता दें कि न्यूजीलैंड इंग्लैंड में पहला टेस्ट हारने के बावजूद सीरीज जीतने वाली इतिहास की सिर्फ छठी टीम बनी है। दिलचस्प बात यह है कि इससे पहले यह उपलब्धि भी न्यूजीलैंड ने ही 1999 में हासिल की थी।
इंग्लैंड में पहला टेस्ट हारने के बाद सीरीज जीतने वाली टीमें
- ऑस्ट्रेलिया - 1909 (5 टेस्ट, 2-1)
- ऑस्ट्रेलिया - 1930 (5 टेस्ट, 2-1)
- वेस्टइंडीज - 1950 (4 टेस्ट, 3-1)
- ऑस्ट्रेलिया - 1997 (6 टेस्ट, 3-2)
- न्यूजीलैंड - 1999 (4 टेस्ट, 2-1)
- न्यूजीलैंड - 2026 (3 टेस्ट, 2-1)
इंग्लैंड को घर में मिली शर्मनाक हार
टेस्ट क्रिकेट इतिहास में यह 15वीं बार है, जब इंग्लैंड ने पहला मैच जीतने के बावजूद पूरी सीरीज गंवाई है। इससे पहले 2024 में पाकिस्तान ने भी 1-0 से पिछड़ने के बाद इंग्लैंड को तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में हराया था। यह इंग्लैंड की धरती पर न्यूजीलैंड की चौथी टेस्ट सीरीज जीत भी है। इससे पहले कीवी टीम ने 1986, 1999 और 2021 में इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज जीत चुके थे। खास बात यह भी है कि 2021 के बाद से इंग्लैंड अपने घर में कोई टेस्ट सीरीज नहीं हारा था, लेकिन न्यूजीलैंड ने इस अजेय सिलसिले को भी समाप्त कर दिया।
यह भी पढ़ें:
बेन स्टोक्स के संन्यास पर कोच मैकुल ने तोड़ी चुप्पी, कहा- मैंने उन्हें रोकने की बहुत कोशिश की
जो रूट 5 साल बाद हुए रन आउट, न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज में नहीं बने रन