1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. 8 रन 8 गेंद 6 विकेट, साउथ अफ्रीका को मिली फाइनल में हार, एक बार फिर साबित हुए चोकर्स

8 रन 8 गेंद 6 विकेट, साउथ अफ्रीका को मिली फाइनल में हार, एक बार फिर साबित हुए चोकर्स

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Jul 26, 2025 09:48 pm IST,  Updated : Jul 26, 2025 11:02 pm IST

जिम्बाब्वे में खेले गए ट्राई सीरीज के फाइनल में साउथ अफ्रीका को न्यूजीलैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। इस मैच को जीतने के लिए साउथ अफ्रीका को आखिरी 8 गेंद पर 8 रन की जरूरत थी।

Rassie van der Dussen- India TV Hindi
रासी वैन डर डुसेन Image Source : GETTY

न्यूजीलैंड, साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे के बीच ट्राई सीरीज खेली गई। इस ट्राई सीरीज के फाइनल मैच में साउथ अफ्रीका का सामना न्यूजीलैंड से हुआ, जहां कीवी टीम ने 3 रनों से रोमांचक जीत दर्ज की। पहले बैटिंग करते हुए न्यूजीलैंड की टीम इस मैच में 20 ओवर खेलने के बाद 180 रन बनाने में कामयाब रही। जवाब में साउथ अफ्रीकी टीम पूरे ओवर बैटिंग करने के बाद 6 विकेट के नुकसान पर 177 रन ही बना सकी। इस मैच और पूरे टूर्नामेंट में कीवी टीम के लिए मैट हेनरी ने जबरदस्त गेंदबाजी की। इसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड मिला। हेनरी ने इस पूरी सीरीज में 10 विकेट लिए।

न्यूजीलैंड की तरफ से रचिन रवींद्र ने खेली शानदार पारी

इस मैच की बात करें तो साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज टिम सेफर्ट और डेवोन कॉनवे ने शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 75 रन की साझेदारी की। साउथ अफ्रीका के स्पिनर सेनुरन मुथुसामी ने सेफर्ट (30 रन) को आउट कर कीवी टीम को पहला झटका दिया। डेवोन कॉनवे इस मैच में अर्धशतक लगाने से चूक गए और 47 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद रचिन रवींद्र ने 27 गेंदों में 47 रनों की तूफानी पारी खेली। हालांकि दूसरे छोर से कीवी बल्लेबाज लगातार आउट होते रहे। मार्क चैपमैन 3 रन और डेरिल मिचेल ने 16 रनों की नाबाद पारी खेली। माइकल ब्रेसवेल ने 15 और कप्तान मिचेल सेंटनर 3 रनों का योगदान दिया। 20 ओवर बैटिंग करने के बाद न्यूजीलैंड की टीम 180 तक पहुंचने में सफल रही। साउथ अफ्रीका की ओर से लुंगी एनगिडी ने 4 ओवर में 24 रन देकर सबसे ज्यादा 2 विकेट चटकाए। वहीं नांद्रे बर्गर, क्वेना मफाका और सेनुरन मुथुसामी ने 1-1 विकेट अपने नाम किए।

आखिरी ओवर में दबाव में बिखर गए साउथ अफ्रीका के बल्लेबाज

181 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका को लुआन प्रिटोरियस और रीजा हेंड्रिक्स ने शानदार शुरुआत दी। दोनों ने 9.4 ओवर में ही 92 रन जोड़ दिए। जिस तरह की शुरुआत साउथ अफ्रीका को मिली थी, उसे देखकर उनकी जीत पक्की मानी जा रही थी। लेकिन 13वें ओवर में सलामी बल्लेबाजों के आउट होने के बाद उनकी पारी लड़खड़ा गई। आखिरी 8 गेंदों पर साउथ अफ्रीका को जीत के लिए 8 रन की जरूरत थी और टीम के छह विकेट हाथ में थे। लेकिन मैट हेनरी ने शानदार गेंदबाजी कर साउथ अफ्रीका के मुंह से जीत छीन ली। 20वें ओवर में उन्होंने सबसे पहले डेवाल्ड ब्रेविस को पवेलियन भेजा। तीसरी गेंद पर कार्बिन बॉश का कैच छूटा और वह दो रन लेने कामयाब रहे। चौथी गेंद पर बॉश ने एक रन लिया। पांचवीं गेद पर हेनरी ने लिंडे को आउट किया। आखिरी गेंद पर मुथुसामी एक भी रन नहीं ले पाए और इस तरह से न्यूजीलैंड ने 3 रन से मुकाबला अपने नाम किया। फाइनल में हेनरी ने 3 ओवर में 19 रन देकर दो विकेट लिए।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल