1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. नितीश राणा ने एक बार फिर खेली तूफानी पारी, अपनी टीम को पहुंचाया फाइनल में

नितीश राणा ने एक बार फिर खेली तूफानी पारी, अपनी टीम को पहुंचाया फाइनल में

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Aug 31, 2025 09:58 am IST,  Updated : Aug 31, 2025 09:58 am IST

दिल्ली प्रीमियर लीग 2025 के दूसरे क्वालिफायर में वेस्ट दिल्ली लायंस ने ईस्ट दिल्ली राइडर्स को 8 विकेट से हराया। इसके साथ ही अब वेस्ट दिल्ली की टीम अब फाइनल में पहुंचने में कामयाब रही है।

Nitish Rana- India TV Hindi
नितीश राणा Image Source : GETTY

दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली प्रीमियर लीग के मुकाबलों का आयोजन किया जा रहा है। टूर्नामेंट के दूसरे क्वालीफायर मैच में नितीश राणा ने 26 गेंदों में नाबाद 45 रनों की पारी खेलकर अपनी टीम वेस्ट दिल्ली लायंस को फाइनल में पहुंचाया है। वेस्ट दिल्ली की टीम ने इस मैच में ईस्ट दिल्ली राइडर्स को 8 विकेट से मात दी। मुकाबले में ईस्ट दिल्ली की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 139 रन बनाए। इसके जवाब में वेस्ट दिल्ली ने 17.3 ओवर में लक्ष्य को हासिल कर लिया।

आयुष दोसेजा और नितीश राणा ने खेली टीम के लिए तूफानी पारी

140 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी वेस्ट दिल्ली की शुरुआत अच्छी नहीं रही। अंकित कुमार के रूप में टीम को पहला झटका 16 के स्कोर पर लगा, जब वह 5 गेंदों में 2 रन बनाकर चलते बने। 55 के स्कोर पर विकेटकीपर बल्लेबाज कृष यादव भी चलते बने, उन्होंने 25 गेंदों पर 7 चौके की मदद से 37 रन बनाए। दो विकेट गिरने के बाद आयुष दोसेजा और कप्तान नितीश राणा ने मोर्चा संभाला और दोनों खिलाड़ी टीम को जीत दिलाकर वापस लौटे।

आयुष दोसेजा ने टीम के लिए सबसे ज्यादा रन 49 गेंदों पर 54 रन बनाए। अपनी इस पारी में उन्होंने 4 चौके और 2 छक्के लगाए। उनके अलावा नितीश राणा ने 26 गेंदों पर 45 बनाए। उन्होंने भी अपनी पारी में 4 चौके और 2 छक्के लगाए। वेस्ट दिल्ली की टीम ने 17.3 ओवर में 8 विकेट रहते आसानी से टारगेट को हासिल कर लिया।

अर्पित राणा को छोड़कर बाकी के बल्लेबाज रहे फ्लॉप

वहीं ईस्ट दिल्ली टीम की बात करें तो इस मैच में गेंदबाजी से लेकर बल्लेबाजी तक हर डिपार्टमेंट में वह फ्लॉप रहे। बल्लेबाजी की बात करें तो वहां टीम की तरफ से अर्पित राणा को छोड़कर और कोई भी खिलाड़ी बड़ी पारी नहीं खेल पाया। अर्पित ने 38 गेंद में तीन चौके और दो छक्के की मदद से 50 रनों की पारी खेली। इसके अलावा रौनक वाघेला ने 24 रनों का योगदान दिया। टीम के मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज इस मैच में बुरी तरह फ्लॉप साबित हुए। कप्तान अनुज रावत ने इस मैच में टेस्ट के अंदाज में बैटिंग की और 18 गेंदों पर 15 रन बनाए। यही वजह रही कि उनकी टीम इस मुकाबले में बड़ा स्कोर नहीं बना पाई। फाइनल मैच 31 अगस्त को खेला जाएगा, जहां वेस्ट दिल्ली का मुकाबला जोंटी सिद्धू की कप्तानी वाली सेंट्रल दिल्ली से होगा।

यह भी पढ़ें

एलेक्स हेल्स का टी-20 क्रिकेट में बड़ा कारनामा, गेल-पोलार्ड वाले क्लब में हुए शामिल

11 चौके-छक्के, 1 विकेट, इस खिलाड़ी ने किया ट्राई सीरीज में कमाल, पाकिस्तान ने UAE को धोया

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल