पाकिस्तान के खिलाड़ी अब से इंग्लैंड की फेमस लीग द हंड्रेड में नहीं खेल पाएंगे। इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान के क्रिकेटरों को उन फ्रेंचाइजी के द्वारा बैन किया जा सकता है जिनका स्वामित्व आंशिक रूप से इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) टीमों के पास है। द हंड्रेड में चार टीमों का स्वामित्व आईपीएल फ्रेंचाइजियों के पास है और उन्होंने पाकिस्तानी खिलाड़ियों को नहीं खरीदने का फैसला किया है। बता दें कि द हंड्रेड में मैनचेस्टर सुपर जायंट्स, एमआई लंदन, सदर्न ब्रेव और सनराइजर्स लीड्स के मालिक इंडियन हैं और ये टीमें द हंड्रेड में पाकिस्तानी खिलाड़ियों को अपने स्क्वॉड में शामिल नहीं करेंगी।
द हंड्रेड के आगामी सीजन के लिए मार्च में दो दिन का ऑक्शन का होगा। 11 मार्च को महिला और 12 मार्च को मेंस खिलाड़ियों पर बोली लगेगी। इस ऑक्शन का आयोजन लंदन में किया जाएगा। बीबीसी की एक रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तानी क्रिकेटरों को ऑक्शन के लिए 18 देशों के लगभग 1000 क्रिकेटरों में शामिल किया गया है, लेकिन आईपीएल से जुड़ी चार टीमें इस ऑक्शन में उनपर बोली लगाती हुई नहीं दिखेंगी।
न्यूज एजेंसी PTI के हवाले से बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक ईसीबी के एक सीनियर अधिकारी ने अनौपचारिक तौर पर एक खिलाड़ी एजेंट को बताया है कि आईपीएल से जुड़ी चारों फ्रेंचाइजी पाकिस्तानी क्रिकेटरों को खरीदने की कोशिश नहीं करेंगी। द हंड्रेड की बिक्री से पहले, ईसीबी के कार्यकारी अध्यक्ष रिचर्ड गोल्ड से पूछा गया था कि क्या भारतीय निवेश के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ियों को लीग में खेलने की इजाजत दी जाएगी। इस पर उन्होंने भरोसा दिया था कि देश के आधार पर खिलाड़ियों के साथ भेदभाव नहीं होगा लेकिन फिलहाल ऐसा होता नहीं दिख रहा है। मेंस हंड्रेड में मोहम्मद आमिर, इमाद वसीम, शाहीन अफरीदी, शादाब खान, हारिस रऊफ जैसे खिलाड़ी खेल चुके हैं। अब इन खिलाड़ियों को आगामी सीजन में कौन खरीदता है ये देखना दिलचस्प होगा।
पिछले कई सालों से भारत और पाकिस्तान के बीच रिश्ते ठीक नहीं हैं। ये दोनों टीमें क्रिकेट के मैदान पर भी सिर्फ एशिया कप और ICC टूर्नामेंट्स में आमने-सामने होती हैं। इसलिए कोई भी आईपीएल फ्रेंचाइजी पाकिस्तानी क्रिकेटरों को अपनी टीम में शामिल नहीं करती है। सिर्फ आईपीएल ही नहीं दूसरी देशों के क्रिकेट लीग जैसे एसए20, सीपीएल में भी पाकिस्तानी खिलाड़ियों को आईपीएल वाले ओनर्स अपनी टीम में नहीं चुनते हैं। यहां तक कि ILT20 में भी, केवल अमेरिकी स्वामित्व वाली डेजर्ट वाइपर्स ही पाकिस्तान के खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल करती है।
यह भी पढ़ें
सिकंदर रजा ने तोड़ा रोहित शर्मा का बहुत बड़ा रिकॉर्ड, T20 वर्ल्ड कप में रचा दिया नया इतिहास
संपादक की पसंद