NZ vs SA 2nd T20I: न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के बीच दूसरा टी20 मैच हैमिलटन के सेड्डन पार्क स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में न्यूजीलैंड ने 68 रनों से जीत दर्ज करते हुए सीरीज को 1-1 से बराबर कर दिया है। न्यूजीलैंड की टीम ने इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 175 रन बनाए। जवाब में अफ्रीकी टीम 15.3 ओवर में 107 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। पहले टी20 में साउथ अफ्रीका ने न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हराया था।
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत इस मैच में अच्छी रही। डेवोन कॉनवे और टॉम लैथम की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 48 रन जोड़े। लैथम 10 बॉल में 11 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद टॉम रॉबिन्सन 1 रन बनाकर चलते बने। निक केली ने नंबर 4 पर आकर 12 गेंदों में 21 रन बनाए। वहीं कप्तान मिचेल सैंटनर ने 14 बॉल में 20 रन का योगदान दिया। कीवी टीम के लिए इस मुकाबले में सबसे ज्यादा रन कॉनवे के बल्ले से आए। उन्होंने 49 बॉल में 60 रन की पारी खेली। साउथ अफ्रीका की तरफ से गेंदबाजी में वियान मुल्डर ने सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए।
176 रन के टारगेट का पीछा करने आई साउथ अफ्रीका की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखी। अफ्रीकी टीम लगातार अंतराल पर विकेट गंवाती चली गई और इसी वजह से उन्हें अंत में हार का मुंह देखना पड़ा। टॉप ऑर्डर से लेकर मिडिल ऑर्डर तक अफ्रीका के सभी बल्लेबाज इस मुकाबले में रन बनाने के लिए संघर्ष करते हुए दिखे। अफ्रीकी टीम की तरफ से जॉर्ज लिंडे ने सबसे ज्यादा रन बनाए। उन्होंने 12 बॉल में 33 रन की पारी खेली। उनके अलावा रुबिन हरमन ने 19 और वियान मुल्डर ने 16 रन का योगदान दिया। कीवी टीम की तरफ से बॉलिंग में बेन सियर्स और लॉकी फर्ग्युसन ने सबसे ज्यादा 3-3 विकेट लिए।
दूसरे टी20 के लिए साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड की प्लेइंग XI
साउथ अफ्रीका: टोनी डी जोरजी, कॉनर एस्टरहुइजन (विकेटकीपर), रुबिन हरमन, जेसन स्मिथ, डियान फॉरेस्टर, वियान मुल्डर, जॉर्ज लिंडे, गेराल्ड कोएत्जी, केशव महाराज (कप्तान), नकोबानी मोकोएना, ओटनील बार्टमैन
न्यूजीलैंड: डेवोन कॉनवे, टॉम लैथम (विकेटकीपर), टिम रॉबिन्सन, निक केली, मिचेल सेंटनर (कप्तान), जेम्स नीशम, कोल मैककॉन्ची, जोश क्लार्कसन, लॉकी फर्ग्यूसन, काइल जैमीसन, बेन सियर्स