1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया की सबसे बड़ी हार, इकाना स्टेडियम में रचा गया इतिहास

वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया की सबसे बड़ी हार, इकाना स्टेडियम में रचा गया इतिहास

 Written By: Deepesh Sharma
 Published : Oct 12, 2023 10:02 pm IST,  Updated : Oct 12, 2023 10:19 pm IST

वनडे वर्ल्ड कप 2023 में साउथ अफ्रीकी टीम ने ऑस्ट्रेलिया को बुरी तरह हराकर टेबल में टॉप पर कब्जा कर लिया है। वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया इतनी बुरी तरह कभी नहीं हारी।

ODI World Cup 2023- India TV Hindi
ODI World Cup 2023 Image Source : AP

ODI World Cup 2023: वनडे वर्ल्ड कप 2023 के 10वें मुकाबले में ऑस्ट्रेलियाई टीम को साउथ अफ्रीका के खिलाफ करारी हार का सामना करना पड़ा है। इस मैच में अफ्रीकी टीम ने 134 रन से जीत हासिल की है। ऑस्ट्रेलिया की ये वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे बड़ी हार है। मैच की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीकी टीम ने बोर्ड पर 311 रन लगाए थे। जवाब में ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम 41वें ओवर में ही 177 रन पर ऑलआउट हो गई। वर्ल्ड कप 2023 में ये ऑस्ट्रेलियाई टीम की दूसरी लगातार हार है।

ऑस्ट्रेलिया की शर्मनाक हार

312 रन का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। ओपनिंग करने उतरे मिचेल मार्श इस मैच में भी फ्लॉप रहे और मात्र 7 रन बनाकर पवेलियन में लौट गए। इसके बाद उनके साथी डेविड वॉर्नर (13) भी कुछ खास नहीं कर पाए। ओपनर्स के जाने के बाद ऑस्ट्रेलिया की विकेटों का सिलसिला थमा नहीं और एक के बाद एक बल्लेबाज आउट होकर जाते रहे। स्टीव स्मिथ (19), जोस इंग्लिश (5), ग्लेन मैक्सवेल (3) और मार्कस स्टोइनिस (5) सभी सस्ते में आउट होकर चलते बने। हालांकि मार्नस लाबुशेन ने 46 रन जरूर बनाए, लेकिन इसके लिए उन्होंने 74 गेंद ले लीं। इसके अलावा 27 रन मिचेल स्टार्क और 22 रन कप्तान पैट कमिंस ने बनाए।

वर्ल्ड कप के इतिहास में ऑस्ट्रेलिया इतनी बुरी तरह से कभी नहीं हारी। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया को वर्ल्ड कप 1983 में भारत के खिलाफ 118 रन से हार का सामना करना पड़ा था। वहीं इसी वर्ल्ड कप 1983 में ही वेस्टइंडीज ने भी ऑस्ट्रेलिया को 101 रन से हराया था। इसके अलावा वर्ल्ड कप 1979 में पाकिस्तान के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया 89 रन से हारी थी।

साउथ अफ्रीका ने बनाए 311 रन

इस बीच ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। जहां साउथ अफ्रीका ने अपना पहली पारी में 7 विकेट खोकर 311 रन बनाए हैं। इस दौरान क्विंटन डी कॉक ने शानदार शतक जड़ा। उन्होंने इस मुकाबले में 109 रनों की पारी खेली। वहीं ऑस्ट्रेलिया की ओर से ग्लेन मैक्सवेल और मिचेल स्टार्क ने दो-दो विकेट झटके हैं।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल