वनडे विश्व कप का आयोजन अगले साल होना है। अभी कुछ ही दिन पहले टी20 विश्व कप का समापान हुआ है। अब आईसीसी का सबसे बड़ा इवेंट यही है। इसलिए आईसीसी ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। इस बीच आपको जानकारी होगी कि अगले साल होने वाला विश्व कप तीन देश मिलकर करेंगे, लेकिन उसमें से केवल दो ही टीमें ऐसी हैं, जो मेजबान होने के नाते अपनी एंट्री पक्की कर चुकी हैं, लेकिन तीसरी टीम क्यों छूट गई, चलिए आपको इसके पीछे की वजह बताते हैं।
साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेला जाएगा साल 2027 का वनडे विश्व कप
आईसीसी ने वनडे विश्व कप 2027 की मेजबानी साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया को दी है। इसमें से अभी तक केवल दो ही टीमें ऐसी हैं, जो अपनी जगह पक्की कर सकी हैं। वे साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे हैं। लेकिन मेजबान होने के बाद भी अभी तक नामीबिया की जगह पक्की नहीं है। दरअसल इसके पीछे का जो कारण है, वो ये है कि साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे आईसीसी की फुल मैंबर टीमें हैं, लेकिन नामीबिया एसोसिएट मैंबर है। आईसीसी का नियम है कि अगर किसी देश में कोई बड़ा इवेंट हो रहा है तो मेजबान होने के नाते उसी टीम की जगह पक्की होगी, जो फुल मैंबर है। एसोसिएट मैंबर को क्वालीफायर खेलकर आना होगा। यानी नामीबिया मेजबान तो है, लेकिन उसे विश्व कप खेलने के लिए क्वालीफायर राउंड से होकर आना होगा।
आईसीसी वनडे रैंकिंग के आधार पर तय होंगी टीमें
अगले साल होने वाले विश्व कप में 14 टीमें हिस्सा लेती हुई नजर आएंगी। इससे पहले जब साल 2023 में वनडे विश्व कप हुआ था, तब केवल 10 ही टीमें इसमें हिस्सा ले रही थीं। इस बार चार टीमें बढ़ गई हैं, लेकिन वे टीमें होंगी कौन सी इस पर अभी मोहर नहीं लगी है। दो टीमों के नाम तो हमने आपको बता ही दिए हैं कि वे साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे हैं। इसके बाद जो आठ टीमें और आएंगी, वो आईसीसी की वनडे रैंकिंग के आधार पर तय किए जाएंगे। यानी रैंकिंग में जो टॉप की आठ टीमें होंगी, वे डायरेक्ट एंट्री पा जाएंगी। बाकी टीमों को क्वालीफायर खेलकर आना होगा।
बांग्लादेश और वेस्टइंडीज के बीच चल रही है जंग
अभी की ताजा स्थिति की बात की जाए तो भारत, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान, इंग्लैंड, श्रीलंका और अफगानिस्तान की टीमें रैंकिंग में अच्छा कर रही हैं, इसलिए इनकी जगह तो करीब करीब पक्की है, लेकिन अभी के हालात देखकर लगता है कि बांग्लादेश और वेस्टइंडीज में से एक ही टीम सीधे जा पाएगी। हालांकि अभी वक्त है और अगर टीमों ने अच्छा किया जो वे भी सीधे विश्व कप खेलने के लिए अपनी जगह पक्की कर सकती हैं।
यह भी पढ़ें
IPL 2026 से पहले ही दो टीमों को लगा करारा झटका, शुरुआती मैचों से बाहर हुए 2 धाकड़ खिलाड़ी!