Pakistan vs Bangladesh: कभी टेस्ट क्रिकेट में बांग्लादेश को हल्के में लेने वाला पाकिस्तान अब उसी टीम के खिलाफ लगातार हार झेल रहा है। मीरपुर टेस्ट में बांग्लादेश ने पाकिस्तान को 104 रन से हराकर न सिर्फ सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई, बल्कि पाकिस्तान के नाम एक बेहद शर्मनाक रिकॉर्ड भी दर्ज हो गया। पाकिस्तान अब जिम्बाब्वे के बाद बांग्लादेश से लगातार तीन टेस्ट मैच हारने वाली सिर्फ दूसरी टीम बन गई है। यह जीत बांग्लादेश के लिए कई मायनों में ऐतिहासिक रही। 2024 से पहले तक बांग्लादेश कभी पाकिस्तान को टेस्ट में हरा नहीं पाया था, लेकिन अब उसने लगातार तीन मुकाबलों में पाकिस्तान को मात देकर क्रिकेट जगत को चौंका दिया है। खास बात यह रही कि पाकिस्तान के खिलाफ घरेलू जमीन पर बांग्लादेश की यह पहली टेस्ट जीत भी रही।
आखिरी सेशन तक गया मुकाबला
मीरपुर टेस्ट का रोमांच आखिरी सत्र तक बना रहा। पाकिस्तान को जीत के लिए 268 रन का लक्ष्य मिला था और आखिरी सेशन में उसके सात विकेट शेष रहते हुए 152 रन चाहिए थे। डेब्यू कर रहे अब्दुल्लाह फजल ने 66 रन की शानदार पारी खेलकर मुकाबले को जीवित रखा। उन्होंने सलमान अली आगा के साथ अहम साझेदारी भी की और ऐसा लग रहा था कि पाकिस्तान कम से कम ड्रॉ की उम्मीद बनाए रखेगा।लेकिन आखिरी सत्र में मैच पूरी तरह पलट गया। तैजुल इस्लाम ने फजल को LBW आउट कर पाकिस्तान की उम्मीदों को बड़ा झटका दिया। इसके बाद तस्किन अहमद ने सलमान अली आगा को चलता किया।फिर आए तेज गेंदबाज नाहिद राणा, जिन्होंने अपनी रफ्तार और सटीक गेंदबाजी से पाकिस्तान की बल्लेबाजी को तहस-नहस कर दिया। राणा ने 5 विकेट लेकर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। उन्होंने मोहम्मद रिजवान को तेज रफ्तार वाली गेंद पर बोल्ड किया, जिसे रिजवान समझ ही नहीं पाए।
WTC 2025-27 में हासिल की पहली जीत
इससे पहले बांग्लादेश ने दूसरी पारी में कप्तान नजमुल हुसैन शांतो के 87 रन और मोमिनुल हक के 56 रन की मदद से 240/9 पर पारी घोषित की थी। पहली पारी में बांग्लादेश ने 413 रन बनाए थे, जबकि पाकिस्तान ने 386 रन का जवाब दिया था। पाकिस्तान की दूसरी पारी सिर्फ 163 रन पर सिमट गई और बांग्लादेश ने 104 रन से यादगार जीत दर्ज कर ली। इस जीत के साथ बांग्लादेश ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 चक्र में अपनी पहली जीत हासिल की। वहीं पाकिस्तान WTC 2015-27 की पॉइंट्स टेबल में फिसलकर सातवें स्थान पर पहुंच गया है और अब वह बांग्लादेश से भी नीचे है।
यह भी पढ़ें:
पाकिस्तानी खिलाड़ी ने तोड़ दिया अनोखा वर्ल्ड रिकॉर्ड, उम्र के इस पड़ाव पर रचा इतिहास
WTC Points Table: विश्व टेस्ट चैंपियनशिप अंक तालिका में हड़कंप, भारत ने पाकिस्तान को बुरी तरह पछाड़ा