1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. पाकिस्तान क्रिकेट में बवाल, दो ​खिलाड़ियों पर गिरी गाज, बाल- बाल बचे बाबर आजम

पाकिस्तान क्रिकेट में बवाल, दो ​खिलाड़ियों पर गिरी गाज, बाल- बाल बचे बाबर आजम

 Written By: Pankaj Mishra
 Published : Feb 18, 2026 04:10 pm IST,  Updated : Feb 18, 2026 04:10 pm IST

पाकिस्तान क्रिकेट टीम टी20 विश्व कप 2026 में नामीबिया के खिलाफ अपना आखिरी लीग मैच खेल रही है, इस मैच की प्लेइंग इलेवन में कई बड़े बदलाव किए गए हैं।

babar azam- India TV Hindi
बाबर आजम Image Source : AP

पाकिस्तान क्रिकेट में इस वक्त बवाल मचा हुआ है। टी20 विश्व कप 2026 में टीम इंडिया से मिली हार के बाद अभी तक टीम और पीसीबी उबर नहीं पाया है। टीम ने अब तक इस विश्व कप में अगले राउंड के लिए क्वालीफाई नहीं किया है। इस बीच अपने आखिरी लीग मैच में जब पाकिस्तानी टीम खेलने उतरी तो दो खिलाड़ियों पर कप्तान सलमान अली आगा ने गाज गिरा दी। हालांकि बाबर आजम बाल बाल बच गए, लेकिन वे कितने दिनों तक बचे रहेंगे, ये देखना दिलचस्प होगा। 

नामीबिया के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी कर रही है पाकिस्तानी टीम

टी20 विश्व कप 2026 में पाकिस्तानी टीम अपना आखिरी लीग मैच नामीबिया के खिलाफ खेल रही है। इस मैच से पहले जब पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा टॉस के लिए पहुंचे तो उन्होंने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। उन्होंने बताया कि वे इससे पहले यहां दो मैच जीत चुके हैं और ये एक अच्छी पिच है। उन्होंने कहा कि वे इस मैदान पर अच्छा स्कोर करना चाहते हैं। 

शाहीन अफरीदी और अबरार अहमद बाहर, सलमान मिर्जा और ख्वाजा नफे को मिला मौका

सलमान अली आगा से जब पूछा गया कि उन्हें सुपर 8 में जाने के लिए इस मैच को जीतना जरूरी है, ऐसे में क्या टीम प्रेशर में है तो उन्होंने कहा कि नहीं, ऐसी कोई बात नहीं है। जब आप इतने बड़े टूर्नामेंट में खेलने उतरते हैं तो इस तरह की​ स्थिति आती है। ऐसे मुकाबले आपको जीतने होते हैं, इसलिए हम तैयार हैं। जब उनसे टीम की बल्लेबाजी के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि ये हमारे लिए एक चिंता की बात है। टीम को और अच्छी बैटिंग करनी होगी। इसके बाद आखिर में उन्होंने बताया कि टीम में दो बदलाव किए गए हैं। शाहीन शाह अफरीदी और अबरार अहमद आज का मैच नहीं खेल रहे हैं। सलमान मिर्जा और ख्वाजा नफे खेल रहे हैं। हालांकि बाबर आजम को प्लेइंग इलेवन में बरकरार रखा गया है। 

बाबर आजम ने गवां दी अपनी नंबर चार की पोजीशन

टीम की प्लेइंग इलेवन में जो बदलाव किए गए हैं, उससे साफ है कि पाकिस्तानी टीम में सब कुछ अच्छा नहीं चल रहा है। कुछ बातें हैं जो भीतर ही भीतर चल रही हैं। जब मैच शुरू हुूआ और पाकिस्तान ने नामीबिया के खिलाफ अपने दो विकेट गवां दिए तो पता चला कि बाबर आजम नंबर चार पर भी खेलने के लिए नहीं आए। इससे पहले वे चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करते रहे हैं, लेकिन इस बार वे टॉप 4 में नहीं आए। इससे साफ है कि सलमान और बाबर आजम के बीच भी कुछ गड़बड़ तो है। बाबर आजम भी पहले टीम के कप्तान रहे हैं। लेकिन अब वे टीम में बने रहने के लिए भी संघर्ष कर रहे हैं। देखना होगा कि आने वाले दिनों में पीसीबी यानी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड बाबर आजम को लेकर क्या फैसला करता है। 

यह भी पढ़ें 

ICC रैंकिंग में आया तूफान, ईशान किशन ने लगाई 17 पायदान की लंबी छलांग, टॉप-10 में सीधे इस नंबर पर पहुंचे

भारत की सरजमीं पर दिखेगा विदेशी लीग का जलवा! जल्द हो सकता है बड़ा ऐलान

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल