पाकिस्तान क्रिकेट टीम को टी20 सीरीज के पहले मैच में बांग्लादेश के खिलाफ 7 विकेट से हार का मुंह देखना पड़ा है। इस मैच में बांग्लादेश के कप्तान लिटन दास ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। इसके बाद पाकिस्तान की पूरी टीम सिर्फ 109 रनों पर ही सिमट गई। फिर बांग्लादेश ने इस टारगेट को 15.3 ओवर्स में ही हासिल कर लिया।
परेवज हुसैन ने खेली दमदार पारी
बांग्लादेश की शुरुआत बहुत खराब रही, जब तंजीद हसन तंजीम सिर्फ एक रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद कप्तान लिटन दास भी एक बनाकर आउट हो गए। फिर परेवज हुसैन इमोन और तौहीद ह्रदय ने तीसरे विकेट के लिए 73 रनों की साझेदारी की। इन प्लेयर्स ने अच्छी बल्लेबाजी का नमूना पेश किया। परवेज ने 39 गेंदों में तीन चौकों और पांच छक्कों की मदद से नाबाद 56 रनो की पारी खेली। तौहीद हृदय ने 36 रन बनाए। जेकर अली ने 15 रनों का योगदान दिया। इन प्लेयर्स की वजह से ही टीम बड़ा स्कोर बनाने में सफल रही।
पाकिस्तानी बल्लेबाज रहे फ्लॉप
पाकिस्तान की टीम के लिए सबसे ज्यादा 44 रन फखर जमां ने बनाए। उनके अलावा अब्बास अफरीदी ने 22 रनों का योगदान दिया। इन प्लेयर्स के अलावा बाकी के बल्लेबाज क्रीज पर नहीं टिक पाए और रन बनाने के लिए तरसते रहे। सैम अयूब ने 6 रन, मोहम्मद हैरिस ने चार रन और सलमान अली आगा ने तीन रन बनाए। बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन की वजह से टीम अपने कोटे के पूरे 20 ओवर्स भी नहीं खेल पाई और 109 रनों पर ऑलआउट हो गई।
बांग्लादेश के खिलाफ पहली बार ऑलआउट हुई पाकिस्तानी टीम
T20I क्रिकेट में ऐसा पहली बार हुआ है, जब पाकिस्तानी टीम बांग्लादेश के खिलाफ किसी मैच में ऑलआउट हो गई हो। इससे पहले ऐसा कभी नहीं हुआ था। बांग्लादेश के गेंदबाजों की वजह से ये करिश्मा संभव हुआ है। बांग्लादेश के लिए मुस्तफिजुर रहमान सबसे बड़े हीरो बनकर उभरे। उन्होंने चार ओवर में 6 रन देकर दो विकेट चटकाए। उनके अलावा तस्कीन अहमद ने 3.3 ओवर्स में 22 रन देकर तीन विकेट अपने नाम किए। मेहदी हसन और तंजीम हसन शाकिब के खाते में एक-एक विकेट गया। इन बॉलर्स के आगे पाकिस्तानी बल्लेबाज टिक नहीं पाए।
यह भी पढ़ें:
कम होने का नाम नहीं ले रही भारतीय टीम की मुश्किलें, एक और प्लेयर चोटिल
नितीश रेड्डी के चोटिल होने से इन 2 खिलाड़ियों की खुली किस्मत, मिल सकता है चौथे टेस्ट में मौका