23 जुलाई से मैनचेस्टर में खेले जाने वाले टेस्ट मैच से पहले टीम इंडिया के खेमे से बड़ी खबर सामने आई है। ESPN क्रिकइंफो की रिपोर्ट की माने तो टीम इंडिया के ऑलराउंडर नितीश कुमार रेड्डी चोटिल होने की वजह से बचे हुए दो टेस्ट मैचों से बाहर हो सकते हैं। घुटने की चोट की वजह से उनका अगले दो टेस्ट मैचों में खेलना काफी मुश्किल लग रहा है। ऐसे में अब सवाल ये है कि अगर वह चौथा टेस्ट मैच नहीं खेल पाते हैं तो उनकी जगह किसे प्लेइंग XI में किसे मौका मिलेगा।
नितीश रेड्डी की जगह किसे मिल सकता है मौका?
नितीश कुमार रेड्डी अगर मैनचेस्टर में खेले जाने वाले चौथे टेस्ट मैच से बाहर होते हैं तो उनकी जगह प्रसिद्ध कृष्णा या शार्दुल ठाकुर में से किसी को मौका मिल सकता है। दरअसल भारत के लिए परेशानी ये है कि रेड्डी के साथ-साथ अर्शदीप सिंह और आकाश दीप भी चोट की वजह से अगले मैच से बाहर हो गए हैं। ऐसे में वे दोनों सेलेक्शन के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। ऐसे में अंशुल कंबोज जिन्हें बचे हुए दो टेस्ट मैचों के लिए स्क्वॉड में शामिल किया गया उनका इस मैच में खेलना तय माना जा रहा है।
लीड्स टेस्ट मैच में कुछ खास नहीं कर पाए थे शार्दुल
शार्दुल ठाकुर की बात करें तो वह नितीश रेड्डी के लिए एक परफेक्ट रिप्लेसमेंट साबित हो सकते हैं। दोनों ही खिलाड़ी एक शानदार ऑलराउंडर हैं। वह बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंदबाजी में भी अपना योगदान दे सकते हैं। शार्दुल को इस सीरीज में लीड्स में खेले गए पहले टेस्ट मैच में खेलने का मौका मिला था। लेकिन उस मुकाबले में वह कुछ खास कमाल नहीं कर पाए थे। बल्लेबाजी में उन्होंने दोनों पारियों को मिलाकर कुल 5 रन बनाए थे। वहीं गेंदबाजी में उन्होंने पूरे मैच में दो विकेट निकाले थे।
प्रसिद्ध कृष्णा भी गेंदबाजी में रहे बेअसर
मैनचेस्टर का मैदान आमतौर पर तेज गेंदबाजों के लिए अनुकूल रहता है। ऐसे में भारतीय टीम मैनेजमेंट रेड्डी की जगह प्रसिद्ध कृष्णा को स्पेशलिस्ट गेंदबाज के तौर पर टीम में शामिल कर सकती है। कृष्णा की बात करें तो उन्हें इस सीरीज के शुरुआती दो मैचों में खेलने का मौका मिला था। लेकिन वहां उनका प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा था। लीड्स और बर्मिंघम में खेले गए टेस्ट मैच को मिलाकर कृष्णा ने दो मैचों में 6 विकेट हासिल किए, लेकिन दिक्कत की बात ये रही कि इस दौरान वह काफी महंगे साबित हुए। ऐसे में चौथे टेस्ट मैच के लिए टीम इंडिया की प्लेइंग XI में कितने बदलाव होंगे ये देखना बेहद दिलचस्प होगा।
यह भी पढ़ें
मैनचेस्टर टेस्ट मैच खेलने के लिए क्या फिट हैं ऋषभ पंत? वीडियो के जरिए सामने आई सच्चाई
मुस्तफिजुर रहमान ने रच दिया इतिहास, इस मामले में जसप्रीत बुमराह से निकले आगे