एशिया कप 2025 के शुरू होने में अब कुछ ही समय बचा हुआ है। इसके लिए पाकिस्तानी क्रिकेट टीम ने अपने स्क्वाड का ऐलान पहले ही कर दिया है। टीम की कमान सलमान अली आगा को सौंपी गई है। टीम में युवा और अनुभवी प्लेयर को चांस मिला है। आगामी टूर्नामेंट से पहले पाकिस्तानी टीम ट्राई सीरीज में हिस्सा ले रही है। जहां उसने फाइनल में एंट्री कर ली है।
ओमान की टीम से होगा पाकिस्तान का पहला मुकाबला
अब एशिया कप 2025 के लिए पाकिस्तानी टीम को ग्रुप-ए में जगह मिली है। इस ग्रुप में पाकिस्तान के अलावा भारत, यूएई और ओमान की टीमें शामिल हैं। पाकिस्तानी टीम अपना पहला मुकाबला ओमान के खिलाफ 12 सितंबर को खेलेगी। इसके बाद 14 सितंबर को उसका भारत के खिलाफ महामुकाबला होगा। फिर आखिरी मैच यूएई के खिलाफ 17 सितंबर को होगा। पाकिस्तान के ओमान और यूएई के खिलाफ जीतने के चांस हैं। जबकि भारतीय टीम से जीतने के लिए उसे कड़ी मशक्त करनी पड़ेगी।
दुबई के मैदान पर खेले जाएंगे पाकिस्तान के मुकाबले
पाकिस्तान के एशिया कप 2025 में तीनों मुकाबले दुबई क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे। इसके अलावा ये सभी मैच भारतीय समयानुसार शाम 8:00 बजे से शुरू होंगे। वहीं इनका टॉस आधे घंटे पहले 7:30 बजे होगा। वहीं, पाकिस्तान के मैचों का भारत में सीधा प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। लाइव स्ट्रीमिंग भारत में सोनी लिव ऐप पर उपलब्ध होगी।
पाकिस्तान ने दो बार जीता है एशिया कप का खिताब
पाकिस्तानी क्रिकेट टीम ने अभी तक सिर्फ दो बार ही एशिया कप का खिताब जीता है। एशिया कप 2000 के फाइनल में पाकिस्तान ने मोईन खान की कप्तानी में श्रीलंका को 39 रनों से पटखनी दी थी। इसके अलावा फिर एशिया कप 2012 के फाइनल में मिस्बाह उल हक की कप्तानी में बांग्लादेश को दो रनों से हराया था। साल 2012 के बाद से पाकिस्तानी टीम एशिया कप की ट्रॉफी नहीं जीत पाई है।
एशिया कप 2025 के लिए पाकिस्तानी टीम का स्क्वाड:
सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, फहीम अशरफ, फखर जमान, हारिस रऊफ, हसन अली, हसन नवाज, हुसैन तलत, खुशदिल शाह, मोहम्मद हारिस, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद वसीम जूनियर, साहिबजादा फरहान, सईम अयूब, सलमान मिर्जा, शाहीन अफरीदी, सुफियान मोकिम।
यह भी पढ़ें:
इतने साल पहले खेला गया एशिया कप का पहला एडिशन, इस टीम ने जीता था खिताब
दलीप ट्रॉफी 2025 के फाइनल में पहुंची ये 2 टीमें, जानें कब और कितने बजे से शुरू होगा मुकाबला