1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. टी20 में खेली टेस्ट जैसी पारी, पाकिस्तानी क्रिकेटर का सोशल मीडिया पर जमकर उड़ा मजाक

टी20 में खेली टेस्ट जैसी पारी, पाकिस्तानी क्रिकेटर का सोशल मीडिया पर जमकर उड़ा मजाक

 Written By: Priyam Sinha @PriyamSinha4
 Published : Mar 03, 2023 10:33 am IST,  Updated : Mar 03, 2023 10:33 am IST

पाकिस्तान सुपर लीग में धीमी बल्लेबाजी के लिए पाकिस्तान के पूर्व कप्तान का सोशल मीडिया पर जमकर मजाक उड़ रहा है।

सरफराज अहमद (क्वेटा...- India TV Hindi
सरफराज अहमद (क्वेटा ग्लैडिएटर्स) Image Source : TWITTER

पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) का 8वां संस्करण जारी है और गुरुवार रात हुए मुकाबले में क्वेटा ग्लैडिएटर्स को अपनी पांचवीं हार का सामना करना पड़ा है। लाहौर कलंदर्स के खिलाफ हुए इस मुकाबले में सरफराज अहमद की अगुआई वाली क्वेटा की टीम 149 रनों का लक्ष्य नहीं चेज कर पाई। उसका सबसे बड़ा कारण उनके कप्तान सरफराज भी रहे जिन्होंने टी20 मैच में एक धीमी पारी खेली और विकेट हाथ में रहने के बावजूद टीम को जीत नहीं दिला सके। उन्होंने नाबाद रहते हुए 28 गेंदों पर 27 रन बनाए जिसमें सिर्फ एक चौका शामिल था। उनकी इस पारी के कारण क्वेटा की टीम 17 रनों से मैच हार गई। इस मुकाबले के बाद सोशल मीडिया पर सरफराज का बुरी तरह मजाक भी बना।

इस मैच की बात करें तो पहले खेलते हुए लाहौर की टीम 148 रनों पर सिमट गई थी। मोहम्मद नवाज और नवीन उल हक ने 2-2 विकेट अपने नाम किए थे। वहीं उमैद आसिफ, ओडियन स्मिथ और नसीम शाह को 1-1 सफलता मिली थी। जवाब में क्वेटा ग्लैडिएटर्स की टीम पूरे 20 ओवर खेली और तीन विकेट उनके बाकी भी रहे लेकिन रन सिर्फ 131 बने। इसके बाद क्रीज पर मौजूद सरफराज अहमद ट्रोलर्स के निशाने पर आ गए। सोशल मीडिया पर उनको लेकर कई मीम्स वायरल हुए और कई लोगों ने उनकी इस थकाऊ पारी को लेकर सवाल भी खड़े किए। कई लोगों ने यह तक कहे दिया कि क्वेटा की सबसे बड़ी समस्या सरफराज हैं।

सिकंदर रजा की धुआंधार पारी

इस मैच में पहले खेलने उतरी लाहौर की शुरुआत बेहद खराब थी और 50 रन पर उसके 7 विकेट गिर गए थे। उसके बाद जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा और अफगानिस्तान के राशिद खान ने पारी को संभाला। दोनों ने 8वें विकेट के लिए 69 रनों की पार्टनरशिप की। रजा ने मात्र 34 गेंदों पर 8 चौके और तीन छक्के लगाकर 71 रनों की नाबाद पारी खेली। उनकी इस पारी और राशिद के महत्वपूर्ण 21 रनों की बदौलत लाहौर कलंदर्स का स्कोर 148 तक पहुंचा। 149 के लक्ष्य का पीछा करने उतरी क्वेटा की शुरुआत अच्छी थी और 6 ओवर के अंदर 50 रन पूरे हो गए थे। ओपनर विल स्मीड ने 25 गेंदों पर 32 रन बनाए। दूसरे ओपनर यासिर खान ने 15 गेंदें खेलीं और 14 रन बनाए।

इसके बाद मध्यक्रम फ्लॉप रहा और देखते-देखते 80 रनों पर आधी टीम आउट हो गई। मार्टिन गुप्टिल ने भी 20 गेंदों पर 15 रनों की धीमी पारी खेली। लेकिन अंत में सरफराज क्रीज पर टिके भी रहे और अपनी टीम को जीत भी नहीं दिला पाए। हारिस रऊफ लाहौर के लिए सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज रहे और उन्होंने 4 ओवर में 22 रन देकर तीन विकेट झटके। वहीं राशिद खान ने 4 ओवर में मात्र 14 रन दिए और 2 विकेट भी लिए। डेविड वीजा ने भी 4 ओवर में सिर्फ 22 रन दिए और एक विकेट उन्हें भी मिला।

यह भी पढ़ें:-

WPL 2023: खत्म होने जा रहा है महिला प्रीमियर लीग का इंतजार, यहां देखें सभी 5 टीमों के पूरे स्क्वॉड

IND vs AUS: इस खिलाड़ी के खराब फॉर्म पर लोगों का फूटा गुस्सा, संजू सैमसन को मौका देने की फिर उठी मांग

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल