1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. पाकिस्तान ने एशिया कप के सेमीफाइनल में बनाई जगह, हांगकांग के खिलाफ नशरा संधू ने गेंद से रचा इतिहास

पाकिस्तान ने एशिया कप के सेमीफाइनल में बनाई जगह, हांगकांग के खिलाफ नशरा संधू ने गेंद से रचा इतिहास

 Written By: Vanson Soral
 Published : Sep 07, 2026 11:55 pm IST,  Updated : Sep 08, 2026 02:47 am IST

नशरा संधू की घातक गेंदबाजी के दम पर पाकिस्तान ने वूमेन्स एशिया कप 2026 में हांगकांग को 72 रन से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। संधू ने सिर्फ 7 रन देकर 6 विकेट झटके।

Pakistan Cricket- India TV Hindi
पाकिस्तान Image Source : AFP

बाएं हाथ की स्पिनर नशरा संधू की बदौलत पाकिस्तान ने हांगकांग को धूल चटाते हुए एशिया कप के सेमीफाइनल में जगह बना ली। पाकिस्तान की इस जीत में   नशरा संधू का अहम योगदान रहा, जिन्होंने गेंद से महिला T20I क्रिकेट में इतिहास रच दिया। हांगकांग के खिलाफ ACC वूमेन्स एशिया कप 2026 के मुकाबले में संधू ने 6 विकेट झटककर पाकिस्तान को 72 रन की शानदार जीत दिलाई। इसके साथ ही वह महिला T20I क्रिकेट में एक पारी में 6 विकेट लेने वाली पाकिस्तान की पहली गेंदबाज बन गई हैं।

संधू ने झटके 6 विकेट

144 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हांगकांग की टीम ने पावरप्ले के बाद 28 रन पर दो विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद गेंद नशरा संधू के हाथ में आई और उन्होंने हांगकांग की बल्लेबाजी को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया। संधू ने पहले यास्मिन दासवानी और कारी चान के बीच बन रही साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद सिर्फ चार गेंदों के भीतर मरीना लैम्पलॉ और मरियम बीबी को आउट कर हांगकांग का स्कोर 40/5 कर दिया। अगले 15 रन के भीतर 4 और खिलाड़ी पवेलियन लौट गईं। इसके बाद वापसी की उसकी उम्मीदें लगभग खत्म हो गईं। 19 ओवर में 71 रन पर हांगकांग के ऑलआउट होने के साथ ही पाकिस्तान का सेमीफाइनल में जाने का रास्ता साफ हो गया।

नशरा संधू ने अपने चार ओवर में सिर्फ 7 रन देकर 6 विकेट झटके। यह पाकिस्तान महिला टीम की किसी गेंदबाज का अब तक का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन है। इस टूर्नामेंट में यह दूसरा मौका है जब किसी गेंदबाज ने 6 विकेट या उससे ज्यादा हासिल किए हैं। इससे पहले श्रीलंका की चमारी अटापट्टू ने इंडोनेशिया के खिलाफ 7 रन देकर सात विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया था। संधू पाकिस्तान की तीसरी गेंदबाज भी बन गई हैं, जिन्होंने महिला T20I क्रिकेट में पांच विकेट लेने का कारनामा किया है। उनसे पहले निदा डार ने 2018 और ओमैमा सोहेल ने 2022 में श्रीलंका के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल की थी।

पाकिस्तान सेमीफाइनल में पहुंचा

हांगकांग की ओर से कारी चान ने सबसे ज्यादा 30 रन बनाए, लेकिन उनकी पारी भी टीम को संकट से बाहर नहीं निकाल सकी। आयशा जफर ने उन्हें 16वें ओवर में बोल्ड कर दिया। इसके बाद जॉयलीन कौर के आउट होते ही हांगकांग की पूरी टीम 19 ओवर में 71 रन पर सिमट गई और लक्ष्य से 72 रन दूर रह गई। इससे पहले पाकिस्तान ने बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 143/8 का स्कोर बनाया था। शावाल जुल्फिकार ने 35 गेंदों पर 47 रन की अहम पारी खेली, जबकि आयशा जफर ने 26 रन बनाए। हांगकांग की जॉयलीन कौर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट झटके। पाकिस्तान अब वूमेन्स एशिया कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में 11 सितंबर को श्रीलंका का सामना करेगा।

यह भी पढ़ें:

ODI World Cup 2027 से पहले अंग्रेजों की बड़ी तैयारी, पूर्व कप्तान को बनाया स्पेशलिस्ट मेंटर

भारत से सीरीज खेलने के लिए व्याकुल है पाकिस्तान, आईसीसी जल्द ले सकता है फैसला

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल