1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. लाइव टीवी पर पाकिस्तानी क्रिकेटर ने सेलेक्टर्स को धोया, कहा- 700-800 रन बनाए फिर भी किया ड्रॉप

लाइव टीवी पर पाकिस्तानी क्रिकेटर ने सेलेक्टर्स को धोया, कहा- 700-800 रन बनाए फिर भी किया ड्रॉप

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Apr 24, 2026 08:18 pm IST,  Updated : Apr 24, 2026 08:18 pm IST

खुशदिल शाह ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड से उनको टीम से बाहर रखने को लेकर कुछ कड़े सवाल पूछे हैं। खुशदिल का मानना है कि वह दूसरे खिलाड़ियों से बेहतर हैं और उन्होंने हाल के दिनों में अच्छा प्रदर्शन किया है।

Khushdil Shah- India TV Hindi
खुशदिल शाह Image Source : AP

पाकिस्तान में इन दिनों पाकिस्तान सुपर लीग के मुकाबले खेले जा रहे हैं। इस बीच पाक टीम के बल्लेबाज खुशदिल शाह ने नेशनल टीम से बाहर किए जाने पर निराशा व्यक्त की है। खुशदिल पाकिस्तान सुपर लीग में कराची किंग्स की टीम का हिस्सा हैं। हाल ही में एक टीवी शो के दौरान रमीज राजा के साथ बातचीत में उन्होंने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और टीम मैनेजमेंट से उनको टीम से बाहर रखने पर सवाल किए हैं। खुशदिल ने गुरुवार को 14 गेंद में 44 रनों की दमदार पारी खेलकर कराची किंग्स को लाहौर कलंदर्स के खिलाफ मैच में शानदार जीत दिलाई। खुशदिल को उनकी तूफानी पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया।

खुशदिल ने टीम से ड्रॉप किए जाने पर जताई नाराजगी

कराची और लाहौर के बीच खेले गए मैच के बाद खुशदिल ने पूर्व क्रिकेटर रमीज राजा से बात की। इस दौरान उन्होंने खुद को पाकिस्तान की टीम में शामिल नहीं किए जाने को लेकर अपना पक्ष रखा। खुशदिल शाह ने कहा कि सब खिलाड़ियों से मैं अलग हूं। ना मैं सोशल मीडिया पर हूं, ना मैं पुरानी बातों का रोना रोता हूं कि मेरे साथ क्या गलत हुआ। मैंने अभी हाल ही में पांचवें और छठे नंबर पर 700-800 रन बनाएं, डबल शतक भी किया है, बड़ी पारियां खेली हैं। फिर भी, इतने सब के बाद मुझे टीम से ड्रॉप कर दिया गया।' खुशदिल ने पाकिस्तान के लिए अपना आखिरी मैच सितंबर 2025 में यूएई के खिलाफ खेला था।

लाहौर कलंदर्स बनाम कराची किंग्स मैच का हाल

पहले बल्लेबाजी करते हुए लाहौर कलंदर्स ने निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 199 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की शुरुआत शानदार रही, सलामी बल्लेबाज फखर जमां (61 रन, 41 गेंद) और अब्दुल्लाह शफीक (62 रन, 36 गेंद) दोनों ने अर्धशतकीय पारियां खेली। सिकंदर रजा ने 18 रनों का योगदान दिया, जबकि डेनियल सैम्स ने 20 और कप्तान शाहीन अफरीदी ने 10 रन बनाए। कराची की ओर से मोईन अली सबसे सफल गेंदबाज रहे, उन्होंने 2 विकेट लिए

200 रनों के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करते हुए कराची किंग्स की शुरुआत काफी खराब रही। सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर और जेसन रॉय टीम को वह आक्रामक शुरुआत नहीं दे पाए जिसकी जरूरत थी। रॉय मात्र 5 गेंदों में 9 रन बनाकर चलते बने, तो उनके बाद आए रीजा हैंड्रिक्स भी संघर्ष करते नजर आए और 9 गेंदों में केवल 10 रन ही जोड़ सके। सलमान आगा ने भी निराश किया और 15 गेंदों पर सिर्फ 14 रन बना पाए। कप्तान डेविड वॉर्नर एक छोर थामे रहे और 44 गेंदों में 63 रनों की जुझारू पारी खेलकर अंत तक नाबाद रहे। अपनी इस पारी में उन्होंने 9 चौके और एक छक्का लगाया। लाहौर कलंदर्स की ओर से गेंदबाजी में उबैद शाह सबसे सफल रहे, जिन्होंने तीन महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए।

यह भी पढ़ें

PSL नहीं IPL कैसे देखें गूगल में सर्च कर रहे हैं पाकिस्तानी, सामने आया पूरा कच्चा-चिट्ठा; देखें लिस्ट

हार्दिक पांड्या के कप्तान बनते ही मुंबई इंडियंस का हुआ बुरा हाल, 2024 से हार चुकी है इतने मुकाबले

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल