एशिया कप 2025 के लिए पाकिस्तान ने अपनी स्क्वाड का ऐलान कर दिया है। टीम के ऐलान के बाद पाकिस्तानी टीम के चयनकर्ता आकिब जावेद का भी बड़ा बयान सामने आया है जो भारत के खिलाफ होने वाले मुकाबले को लेकर है। आगामी एशिया कप में पाकिस्तान की टीम ग्रुप-ए में भारत के साथ है, जिसमें 14 सितंबर को उनका सामना दुबई के मैदान पर टीम इंडिया से होगा। इस मैच को लेकर अभी से हर तरफ चर्चा देखने को मिल रही है। वहीं पाकिस्तान ने एशिया कप के लिए अपने 2 बड़े स्टार खिलाड़ी बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान को नहीं चुना है।
पाकिस्तानी टीम भारत को हरा सकती है
पाकिस्तान टीम के चयनकर्ता आकिब जावेद ने एशिया कप स्क्वाड का ऐलान होने के बाद दिए अपने बयान में भारत के खिलाफ होने वाले मुकाबले को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि पाकिस्तानी टी20 टीम भारत को हरा सकती है। भारत और पाकिस्तान के बीच मैच हमेशा बड़ा होता है। हमने जो 17 सदस्यीय स्क्वाड का ऐलान किया है उसमें भारतीय टीम को हराने का पूरा दमखम है। हम उनपर किसी भी तरह का इस मुकाबले को लेकर दबाव नहीं बनाना चाहते लेकिन मुझे अपनी टीम से पूरा भरोसा है। बता दें कि भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक एशिया कप टी20 फॉर्मेट में तीन मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें भारतीय टीम 2 को जहां जीतने में कामयाब रही तो वहीं पाकिस्तानी टीम को एक मैच में जीत हासिल हुई है।
बाबर और रिजवान को बाहर किए जाने के पीछे बताई ये वजह
आकिब जावेद ने एशिया कप 2025 के लिए पाकिस्तानी स्क्वाड में बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान को नहीं चुने जाने को लेकर कहा कि हम उन्हें पूरी तरह से नजरअंदाज नहीं कर रहे हैं, लेकिन जो अच्छा प्रदर्शन करेगा उसे टीम में जगह मिलेगी। हमने देखा है कि पिछले कुछ समय में साहिबजादा फरहान और सैम अयूब के अलावा फखर जमान ने किस तरह का प्रदर्शन किया जिसमें तीनों ने अपनी उपयोगिता को साबित किया है। वापसी के मौके सभी के पास मौजूद होते हैं ऐसे इन दोनों के पास भी बेहतर प्रदर्शन कर फिर से टी20 टीम में वापस आने का मौका रहेगा।
ये भी पढ़ें
भारत को अंडर-19 वर्ल्ड कप जिताने वाले खिलाड़ी ने जड़ा शतक, DPL 2025 में दिखाया जलवा
T20I क्रिकेट में कोहली का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ने से इतने रन दूर मैक्सवेल, बटलर को छोड़ दिया पीछे