Pakistan Women's Cricket Team: पाकिस्तान क्रिकेट टीम इस समय ICC वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारियों में जुटी है। टूर्नामेंट का 12 जून से आगाज होगा, लेकिन पाकिस्तान की महिला क्रिकेट टीम 14 जून को भारत के खिलाफ हाई-वोल्टेज मुकाबले से अपने अभियान का आगाज करेगी। T20 वर्ल्ड कप 2026 का 5 जुलाई को समापन होगा। इस टूर्नामेंट के बाद पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम थोड़े दिन आराम करेगी और फिर एक और बड़ी चुनौती के लिए तैयार नजर आएगी।
ICC वूमेन्स चैंपियनशिप का हिस्सा होगी ODI सीरीज
दरअसल, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी PCB ने ऐलान किया है कि टीम अगले महीने श्रीलंका दौरे पर जाएगी, जहां दोनों टीमों के बीच 6 मैचों की व्हाइट-बॉल सीरीज खेली जाएगी। यह पूरी सीरीज श्रीलंका के हंबनटोटा स्थित महिंदा राजपक्षे इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होगी। दौरे में 3 ODI और तीन T20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले जाएंगे।
ODI सीरीज के मुकाबले 23, 25 और 28 जुलाई को खेले जाएंगे। खास बात यह है कि ये मुकाबले ICC वूमेन्स चैंपियनशिप 2025-29 का हिस्सा होंगे। पाकिस्तान की टीम फिलहाल वूमेन्स चैंपियनशिप पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर है। टीम ने अब तक खेले गए 6 मुकाबलों में 4 जीत दर्ज कर 8 पॉइंट हासिल किए हैं। वहीं न्यूजीलैंड 13 पॉइंट के साथ शीर्ष पर मौजूद है, हालांकि उसने पाकिस्तान से तीन मैच ज्यादा खेले हैं।
4 अगस्त को खत्म होगा दौरा
ODI सीरीज के बाद दोनों टीमें T20I फॉर्मेट में आमने-सामने होंगी। तीन T20I मुकाबले 31 जुलाई, 2 अगस्त और 4 अगस्त को खेले जाएंगे। फिलहाल पाकिस्तान और श्रीलंका की महिला टीमें इंग्लैंड में मौजूद हैं, जहां 12 जून से वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत होने जा रही है। ऐसे में वर्ल्ड कप के बाद यह सीरीज दोनों टीमों के लिए अहम मानी जा रही है। अगर दोनों टीमों के T20 रिकॉर्ड की बात करें तो पाकिस्तान और श्रीलंका अब तक 21 T20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं। पाकिस्तान ने 11 मुकाबले जीते हैं, जबकि श्रीलंका को 9 मैचों में जीत मिली है। एक मुकाबले का नतीजा नहीं निकला था। वहीं ODI क्रिकेट में दोनों टीमों के बीच 34 मैच खेले गए हैं। इनमें श्रीलंका का पलड़ा भारी रहा है। पाकिस्तान ने 11 मुकाबले जीते हैं, जबकि 22 मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा।
पाकिस्तान के श्रीलंका दौरे का फुल शेड्यूल
ODI सीरीज
- 23 जुलाई: पहला ODI, हंबनटोटा
- 25 जुलाई: दूसरा ODI, हंबनटोटा
- 28 जुलाई: तीसरा ODI, हंबनटोटा
T20I सीरीज
- 31 जुलाई: पहला T20I, हंबनटोटा
- 2 अगस्त: दूसरा T20I, हंबनटोटा
- 4 अगस्त: तीसरा T20I, हंबनटोटा
यह भी पढ़ें:
ICC की पॉलिसी पर भड़के पूर्व भारतीय क्रिकेटर्स, अफगानिस्तान से टेस्ट स्टेटस वापस लेने की वकालत की
पाकिस्तान ने एशियन गेम्स 2026 के लिए टीम का किया ऐलान, 30 साल के धाकड़ खिलाड़ी को बनाया कप्तान