Pat Cummins: चेपॉक में हाईवोल्टेज मुकाबले में पैट कमिंस ने अपनी घातक गेंदबाजी से सिर्फ चेन्नई सुपर किंग्स की कमर ही नहीं तोड़ी, बल्कि IPL इतिहास में एक बड़ा मुकाम भी हासिल कर लिया। सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हार्दिक पांड्या को पीछे छोड़ दिया और IPL कप्तानों की खास लिस्ट में दूसरा स्थान हासिल कर लिया।
IPL 2026 के 63वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी, लेकिन SRH के कप्तान पैट कमिंस ने अपनी सटीक गेंदबाजी से CSK बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। कमिंस ने अपने चार ओवर के स्पेल में सिर्फ 28 रन देकर 3 बड़े विकेट झटके। इस शानदार प्रदर्शन के साथ उन्होंने IPL में कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में हार्दिक पांड्या को पीछे छोड़ दिया।
अब सिर्फ शेन वॉर्न को पछाड़ना बाकी
अब पैट कमिंस के नाम IPL में कप्तान रहते हुए 41 विकेट हो गए हैं, जबकि हार्दिक पांड्या के खाते में 40 विकेट दर्ज हैं। यही नहीं, वह IPL में 40 से ज्यादा विकेट लेने वाले पहले तेज गेंदबाज हैं। IPL के इतिहास में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में कमिंस अब सिर्फ दिग्गज स्पिनर शेन वॉर्न से पीछे हैं, जिन्होंने कप्तान के तौर पर IPL में 57 विकेट लिए थे। पैट कमिंस के पास अब अब बतौर कप्तान 50 IPL विकेट लेने का शानदार मौका होगा। अगर सनराइजर्स हैदराबाद की टीम प्लेऑफ और फिर फाइनल में पहुंचने में सफल होती है, तो कमिंस यह रिकॉर्ड भी अपने नाम कर सकते हैं।
IPL में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा विकेट
- 57 - शेन वॉर्न
- 41 - पैट कमिंस
- 40 - हार्दिक पांड्या
- 30 - अनिल कुंबले
बने पहले तेज गेंदबाज
कप्तान के तौर पर कमिंस के IPL करियर में यह 5वीं बार था जब उन्होंने तीन विकेट लिए। वॉर्न के बाद इस मुकाम तक पहुंचने वाले वह दूसरे कप्तान हैं और ऐसा करने वाले पहले तेज गेंदबाज हैं। इस लीग में किसी टीम की कप्तानी करते हुए कमिंस के अलावा अब तक किसी भी तेज गेंदबाज ने चार बार भी तीन विकेट लेने का कारनामा नहीं किया है।
गौरतलब है कि पैट कमिंस के T20 क्रिकेट में अब 200 विकेट भी पूरे हो गए हैं। हालांकि, इस लिस्ट में पहले से कई ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज शामिल हैं। कमिंस इस सीजन थोड़ा देर से अपनी टीम से जुड़े थे। इसके बावजूद उनकी टीम प्लेऑफ की रेस में शामिल है। अब देखना दिलचस्प होगा कि कमिंस अपनी कप्तानी में टीम को प्लेऑफ में पहुंचाने में सफल हो पाते हैं या नहीं।
यह भी पढ़ें:
टीम इंडिया के श्रीलंका दौरे पर आया बड़ा अपडेट, जानिए कब से कब तक खेली जाएगी टेस्ट सीरीज