ICC T20 World Cup 2026: टी20 विश्व कप 2026 का आगाज अगले साल फरवरी में 7 तारीख से होने जा रहा है। इसके लिए टीमों का ऐलान शुरू हो चुका है। हालांकि अभी आखिरी तारीख में वक्त है, लेकिन इस बीच कुछ खिलाड़ी चोटिल होकर इससे बाहर भी हो सकते हैं। ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज खिलाड़ियों में शुमार पैट कमिंस को लेकर भी अब खबर सामने आ रही है। बहुत संभव है कि वे भी टी20 विश्व कप में अपनी टीम का हिस्सा न बन पाएं।
पैट कमिंस के टी20 वर्ल्ड कप में खेलने को लेकर सस्पेंस
साल 2026 में भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में टी20 विश्व कप का आयोजन किया जाना है, इसका शेड्यूल पहले ही जारी कर दिया गया है। भारतीय टीम का ऐलान इस टूर्नामेंट के लिए कर दिया गया है, लेकिन ऑस्ट्रेलिया का स्क्वाड अभी सामने नहीं आया है। इस बीच खबर है कि ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट कप्तान पैट कमिंस इस टूर्नामेंट से बाहर हो सकते हैं। ऑस्ट्रेलिया में इस वक्त एशेज सीरीज चल रही है। पहले दो टेस्ट पैट कमिंस ने मिस किए थे, जिसमें स्टीव स्मिथ ने कप्तानी की जिम्मेदारी निभाई थी। इसके बाद तीसरे मैच में कप्तान के तौर पर उनकी वापसी हुई और उन्होंने बेहतरीन गेंदबाजी भी की। लेकिन अब वे आखिरी दो टेस्ट से भी बाहर चुके हैं, जहां कप्तानी फिर से स्टीव स्मिथ संभालते हुए दिखाई देंगे।
अभी तक पूरी तरह से ठीक नहीं हुई है कमिंस की चोट
पैट कमिंस पिछले काफी वक्त से अपनी पीठ की चोट से जूझ रहे हैं। भले ही उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ एशेज सीरीज का तीसरा मुकाबला खेला हो और जबरदस्त खेल भी दिखाया हो, लेकिन वे अपनी चोट से पूरी तरह से उबर नहीं पाए हैं। अगर टी20 इंटरनेशनल में ऑस्ट्रेलियाई टीम की कप्तानी की बात की जाए तो वो काम यहां पर मिचेल मार्श कर रहे हैं। यानी एक गेंदबाज के तौर पर पैट कमिंस की कमी ऑस्ट्रेलियाई टीम को खल सकती है।
11 फरवरी को पहला मैच खेलेगी ऑस्ट्रेलियाई टीम
ऑस्ट्रेलियाई टीम के हेड कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने पैट कमिंस के खेलने पर संदेह जाहिर किया है। एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने कहा है कि वे जल्द से जल्द कमिंस की वापसी का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन वे खेलेंगे कि नहीं, इसको लेकर अभी पक्के तौर पर कुछ भी नहीं कहा जा सकता। टी20 विश्व कप का आगाज भले ही सात फरवरी से हो जाएगा, लेकिन ऑस्ट्रेलियाई टीम अपना पहला मैच 11 फरवरी को खेलती हुई नजर आएगी। ऑस्ट्रेलिया का सामना आयरलैंड से होगा, जो उसी के ग्रुप में शामिल की गई है।
यह भी पढ़ें
संजू सैमसन और ईशान किशन, किसे मिलेगा खेलने का मौका, इस खिलाड़ी की जगह पक्की
वर्ल्ड कप से पहले सख्त रुख अपना सकता है बीसीसीआई, पूछा जाएगा इतनी बड़ी हार का कारण