India vs New Zealand: भारतीय टीम जल्द ही टी20 वर्ल्ड कप के लिए अपनी तैयारी शुरू करने जा रही है। हालांकि तैयारी तो पहले से ही हो रही है, लेकिन अब उन खिलाड़ियों का ऐलान कर दिया गया है, जो टी20 विश्व कप में खेलते हुए नजर आएंगे। विश्व कप से पहले टीम इंडिया न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज खेलेगी। इस बीच सवाल ये है कि इस सीरीज के दौरान ओपनिंग कौन करेगा। भारत के पास फिलहाल तीन विकल्प मौजूद हैं।
भारत के लिए ओपनिंग के तीन दावेदार
बीसीसीआई की ओर से टी20 विश्व कप के लिए अभी से टीम इंडिया का ऐलान कर दिया गया है। वर्ल्ड कप और न्यूजीलैंड सीरीज के दौरान एक ही टीम रहेगी। इस टीम में भारत के लिए ओपनिंग करने के तीन दावेदार हैं। इसमें से दो तो विकेटकीपर ही हैं। अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन के अलावा ईशान किशन को भी टीम में शामिल किया गया है। ईशान किशन अभी कुछ दिन पहले ही सैयद मुश्ताक अली टूर्नामेंट के फाइनल में धमाकेदार शतक ठोककर आए हैं। लेकिन उन्हें इसी सीरीज में मौका मिलेगा, इसकी संभावना काफी कम है।
अभिषेक शर्मा के साथ संजू सैमसन हैं ओपनिंग के पहले दावेदार
माना जा रहा है कि अभिषेक शर्मा के साथ संजू सैमसन ही पारी का आगाज करेंगे, क्योंकि ये दोनों इससे पहले ये काम कर चुके हैं। ईशान किशन लंबे अर्से बाद टीम इंडिया में वापसी कर रहे हैं, उन्हें तभी मौका मिलने की संभावना है, जबकि संजू और अभिषेक में से कोई एक खिलाड़ी चोटिल हो जाए या फिर उसका फार्म चला जाए। अगर ऐसा नहीं हुआ तो ईशान किशन टीम के साथ रहेंगे, लेकिन उन्हें प्लेइंग इलेवन में मौका मिल पाएगा कि नहीं, इसकी संभावना काफी कम है।
ये हैं इन तीनों बल्लेबाजों के आंकड़े
इस बीच अगर आंकड़ों पर भी गौर करें तो संजू और अभिषेक का ही पलड़ा भारी नजर आता है। अभिषेक ने अब तक 33 टी20 इंटरनेशनल मैच खेलकर 1115 रन बनाए हैं, उनके नाम दो शतक और छह अर्धशतक हैं। उनका स्ट्राइक रेट 188 के करीब का है। इसके बाद अगर संजू सैमसन पर नजर डालें तो उन्होंने अब तक 52 टी20 इंटरनेशनल मैच खेलकर 1032 रन बनाए हैं। इसमें तीन शतक और तीन अर्धशतक हैं। उनका स्ट्राइक रेट 148 के करीब का है। अब बात ईशान किशन की। उन्होंने अब तक 32 टी20 इंटरनेशनल मैच खेलकर 796 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 124 के करीब का है। ईशान ने कोई शतक तो नहीं लगाया है, लेकिन उनके नाम छह अर्धशतक जरूर हैं।
यह भी पढ़ें
वर्ल्ड कप से पहले सख्त रुख अपना सकता है बीसीसीआई, पूछा जाएगा इतनी बड़ी हार का कारण
विराट कोहली का दीदार नहीं कर पाएंगे फैंस, खाली स्टेडियम में खेला जाएगा मुकाबला