ILT20 2025-26 लीग में अबू धाबी नाइट राइडर्स ने गल्फ जायंट्स की टीम को 4 विकेट से हरा दिया। इस मैच में अबू धाबी की टीम के लिए पीयूष चावला ने कमाल का प्रदर्शन किया और सबसे बड़े हीरो साबित हुए। 36 साल की उम्र में उन्होंने अपना जलवा दिखाया है। गल्फ जायंट्स की टीम ने पहले बैटिंग करते हुए 165 रन बनाए। इसके बाद अबू धाबी नाइट राइडर्स ने आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया।
पीयूष चावला की दमदार गेंदबाजी
अबू धाबी नाइट राइडर्स की टीम के लिए पीयूष चावला ने कमाल की गेंदबाजी की। उन्होंने चार ओवर में 27 रन देकर चार विकेट चटकाए। उन्होंने गल्फ जायंट्स के बैटिंग ऑर्डर को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया और जेम्स विंस, मोईन अली, अजमतुल्लाह उमरजई, मैथ्यू फोर्डे के विकेट झटके। उनके आगे गल्फ जायंट्स के बल्लेबाज रन बनाने के लिए जूझते हुए दिखाई दिए। अच्छे खेल के लिए चावला को प्लेयर द मैच अवॉर्ड दिया गया।
रहमानुल्लाह गुरबाज के अर्धशतक पर फिर गया पानी
गल्फ जायंट्स की टीम के लिए रहमानुल्लाह गुरबाज ने सबसे ज्यादा 45 गेंदों में 72 रन बनाए, जिसमें चार चौके और पांच छक्के शामिल रहे। उनके अलावा बाकी के प्लेयर्स अच्छा नहीं कर पाए और बुरी तरह से फ्लॉप साबित हुए। पथुम निसंका ने 17 रनों का योगदान दिया। गल्फ जायंट्स की टीम ने निर्धारित 20 ओवर्स में कुल 165 रन बनाए।
अबू धाबी के बल्लेबाजों ने दिलाई दमदार शुरुआत
बाद में अबू धाबी नाइट राइडर्स के लिए एलेक्स हेल्स और फिलिप साल्ट ने 61 रनों की ओपनिंग साझेदारी की। इन प्लेयर्स ने अच्छी शुरुआत से जीत की नींव रख दी थी। इसके बाद फिलिप ने 35 रन और एलेक्स ने 46 रनों की पारी खेली। बाद में शेरफेन रदरफोर्ड ने 30 रनों का योगदान दिया। आंद्रे रसेल ने 21 रन बनाए। इन प्लेयर्स की वजह से ही अबू धाबी नाइट राइडर्स की टीम जीत दर्ज करने में सफल रही। टीम ने 19.2 ओवर्स में ही टारगेट चेज कर लिया। गल्फ जायंट्स की टीम के लिए तबरेज शम्सी ने चार ओवर में 23 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। फ्रेड क्लासन ने दो विकेट झटके। वहीं क्रिस वुड के खाते में एक विकेट गया।
यह भी पढ़ें:
अंग्रेज कप्तान ने लगाई अपने टेस्ट करियर की सबसे धीमी फिफ्टी, 6 साल पुराना खराब रिकॉर्ड छूटा पीछे