1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. वर्ल्ड चैंपियंस से मिले PM मोदी, टीम इंडिया ने गिफ्ट में दी ऑटोग्राफ की हुई स्पेशल जर्सी

वर्ल्ड चैंपियंस से मिले PM मोदी, टीम इंडिया ने गिफ्ट में दी ऑटोग्राफ की हुई स्पेशल जर्सी

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Nov 05, 2025 08:40 pm IST,  Updated : Nov 05, 2025 08:42 pm IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 लोक कल्याण मार्ग स्थित अपने आवास पर महिला वर्ल्ड कप की चैंपियन टीम की मेजबानी की।

Team India and PM Modi- India TV Hindi
टीम इंडिया और पीएम मोदी Image Source : PTI

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अपने आवास लोक कल्याण मार्ग पर महिला वर्ल्ड कप विजेता भारतीय टीम से मुलाकात की। प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों को इस ऐतिहासिक जीत की बधाई दी और टूर्नामेंट में लगातार तीन हार के बाद टीम की शानदार वापसी की सराहना की। पीएम मोदी ने कहा कि टीम ने न केवल खेल के मैदान पर बल्कि पूरे देश के दिलों में भी जगह बनाई है। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने याद किया कि उन्होंने 2017 में प्रधानमंत्री से मुलाकात की थी, लेकिन तब उनके पास ट्रॉफी नहीं थी। हरमनप्रीत ने मुस्कुराते हुए कहा कि अब जब हमारे पास ट्रॉफी है, हम उनसे बार-बार मिलना चाहेंगे। 

सपना बना हकीकत

स्मृति मंधाना ने कहा कि प्रधानमंत्री ने उन्हें हमेशा प्रेरित किया है। आज लड़कियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं, और इसके पीछे पीएम मोदी का योगदान भी अहम है। ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने कहा कि वह लंबे समय से पीएम मोदी से मिलने का इंतजार कर रही थीं। उन्होंने कहा कि 2017 में पीएम ने हमें कहा था कि मेहनत करते रहो, एक दिन सपना जरूर पूरा होगा। आज वो सपना हकीकत है। पीएम मोदी ने बातचीत के दौरान दीप्ति शर्मा के ‘जय श्री राम’ इंस्टाग्राम पोस्ट और उनके हाथ पर बने भगवान हनुमान के टैटू का भी जिक्र किया। दीप्ति ने कहा कि यह उन्हें “शक्ति और प्रेरणा” देता है।

पीएम ने दिया फिट इंडिया का संदेश

इस खास मुलाकात के दौरान पीएम मोदी ने खिलाड़ियों से ‘फिट इंडिया’ अभियान को आगे बढ़ाने की अपील की, खासकर देशभर की लड़कियों के बीच। उन्होंने मोटापे की बढ़ती समस्या पर चिंता जताई और कहा कि फिट रहना उतना ही जरूरी है जितना सफल होना।

पीएम ने खिलाड़ियों से कहा कि वे अपने स्कूलों में जाकर बच्चों को प्रेरित करें ताकि नई पीढ़ी भी खेलों में आगे बढ़ सके। भारतीय खिलाड़ी क्रांति गौड़ ने बताया कि उनका भाई पीएम मोदी का बड़ा प्रशंसक है, जिस पर प्रधानमंत्री ने उन्हें मिलने के लिए खुला निमंत्रण दे दिया। यह मुलाकात हंसी-मजाक, प्रेरणा और गर्व से भरा एक यादगार पल रही, जिसने महिला क्रिकेट टीम की ऐतिहासिक उपलब्धि को और भी खास बना दिया।

यह भी पढ़ें:

क्रिकेट जगत में मचा हड़कंप! तेज गेंदबाज ने कप्तान पर लगाया जूनियर खिलाड़ियों को पीटने का आरोप

बीसीसीआई ने किया इंडिया ए के स्क्वाड का ऐलान, इस खिलाड़ी को मिली टीम की कमान

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल