पृथ्वी शॉ जो काफी लंबे समय से टीम इंडिया में अपनी वापसी को लेकर कोशिश कर रहे हैं वह घरेलू क्रिकेट में अब मुंबई की जगह महाराष्ट्र टीम से खेलते हुए दिखाई देंगे। शॉ जिन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में काफी शानदार डेब्यू किया था उसके बाद अपने खराब फॉर्म और फिटनेस के चलते वह टीम इंडिया से बाहर हो गए। वहीं घरेलू क्रिकेट में भी उनका बल्ला शांत ही दिखाई दिया। अब पृथ्वी शॉ आगामी घरेलू सीजन में होने वाली अखिल भारतीय बुची बाबू आमंत्रण टूर्नामेंट में महाराष्ट्र की तरफ से ऐलान की गई स्क्वाड का हिस्सा हैं।
पृथ्वी शॉ के साथ रुतुराज गायकवाड़ को भी मिली जगह
बुची बाबू टूर्नामेंट के लिए महाराष्ट्र ने अपनी 17 सदस्यीय टीम का ऐलान किया है, जिसमें पृथ्वी शॉ के अलावा चेन्नई सुपर किंग्स टीम के स्टार खिलाड़ी रुतुराज गायकवाड़ को भी जगह मिली है। हालांकि गायकवाड़ और विकेटकीपर सौरभ नवाले दोनों को एक मैच के बाद दलीप ट्रॉफी के लिए बेंगलुरु में पश्चिम क्षेत्र की टीम से जुड़ना होगा। महाराष्ट्र ने अपनी टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी अंकित बावने को सौंपी है, जिसमें मुकेश चौधरी और राजवर्धन हांगरगेकर का नाम भी शामिल है। बुची बाबू टूर्नामेंट की शुरुआत 18 अगस्त से होगी जिसमें फाइनल मुकाबला 9 सितंबर को खेला जाएगा, वहीं सारे मुकाबले चेन्नई में होंगे।
बुची बाबू टूर्नामेंट 2025 के लिए महाराष्ट्र टीम का स्क्वाड
अंकित बावने (कप्तान), रुतुराज गायकवाड़, पृथ्वी शॉ, सिद्धेश वीर, सचिन धास, अर्शिन कुलकर्णी, हर्षल काटे, सिद्धार्थ म्हात्रे, सौरभ नवाले, मंदार भंडारी, रामकृष्ण घोष, मुकेश चौधरी, प्रदीप दाधे, विक्की ओस्तवाल, हितेश वालुंज, प्रशांत सोलंकी, राजवर्धन हांगरगेकर।
कुल 16 टीमें लेंगी हिस्सा
इस बार बुची बाबू टूर्नामेंट में कुल 16 टीमें हिस्सा लेंगी जिसमें सभी को चार-चार के ग्रुप में बांटा गया है। महाराष्ट्र की टीम को ग्रुप-ए में टीएनसीए प्रेसिडेंट इलेवन, हिमाचल प्रदेश और छत्तीसगढ़ के साथ जगह मिली है। महाराष्ट्र की टीम अपना पहला मुकाबला राउंड 1 में छत्तीसगढ़ के खिलाफ 18 अगस्त से खेलेगी। बुची बाबू टूर्नामेंट के मैचों का सीधा प्रसारण टीएनसीए के यूट्यूब चैनल पर किया जाएगा।
ये भी पढ़ें
एशिया कप में हार से पहले ही खौफ में पाकिस्तान का पूर्व खिलाड़ी, बोला- इतनी बुरी तरह से मारेंगे
एशिया कप से पहले कब, कहां और किसके खिलाफ खेलेगी पाकिस्तानी टीम, ये रहा उनका शेड्यूल