NZ vs AUS: न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच 1 अक्टूबर से T20I सीरीज का आगाज होने जा रहा है। इस सीरीज से ठीक पहले मेजबान न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा है। स्टार बल्लेबाज रचिन रवींद्र ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली चैपल-हेडली T20I सीरीज से बाहर हो गए हैं। बे ओवल (टौरंगा) में होने वाली इस सीरीज में उनकी जगह जिमी नीशम को टीम में शामिल किया गया है।
दरअसल, रचिन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज की तैयारियों के दौरान 30 सितंबर को कैच पकड़ने की कोशिश में बाउंड्री बोर्ड से टकरा गए, जिससे उनके चेहरे पर काफी गहरी चोट लग गई उनके ऊपरी होंठ और नाक के पास गंभीर कट (facial laceration) आया, जिसके लिए टांके लगाने पड़े। यही वजह है कि उन्हें इस पूरी सीरीज से बाहर होना पड़ा ताकि जल्द से जल्द रिकवरी हो सके और इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज से पहले टीम से जुड़ सकें।
इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में होगा कमबैक
टीम के कोच रॉब वॉल्टर ने कहा कि हम सब रचिन के सीरीज से बाहर होने से बेहद निराश हैं। उनकी चोट गहरी है और टांकों की वजह से ठीक होने में वक्त लगेगा। रचिन हमारे लिए अहम खिलाड़ी हैं, लेकिन उनकी सेहत सबसे जरूरी है। इसलिए उन्हें घर भेजने का फैसला किया गया है ताकि वे आराम कर सकें और दो हफ्ते बाद इंग्लैंड सीरीज में वापसी कर सकें।
इस बीच जिमी नीशम टीम से जुड़ गए हैं। नीशम अब तक 84 T20I मैच खेल चुके हैं और जुलाई में जिम्बाब्वे दौरे पर भी ब्लैककैप्स का हिस्सा थे। कोच वॉल्टर ने नीशम की मौजूदगी पर भरोसा जताते हुए कहा कि हमें खुशी है कि जिमी जैसे अनुभवी खिलाड़ी हमारे पास उपलब्ध हैं। उनका अनुभव और ऑलराउंड खेल टीम के लिए बड़ा फायदा देगा। बे ओवल में यह सीरीज की शानदार शुरुआत होगी और हम सब इसका बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
ऑस्ट्रेलिया के न्यूजीलैंड दौरे का शेड्यूल (3 T20I मैच)
- पहला T20I मैच: 1 अक्टूबर (बे ओवल, टौरंगा)
- दूसरा T20I मैच: 3 अक्टूबर (बे ओवल, टौरंगा)
- तीसरा और आखिरी T20I मैच: 4 अक्टूबर (बे ओवल, टौरंगा)
ऑस्ट्रेलिया की मेजबानी करने के बाद न्यूजीलैंड की टीम 18 अक्टूबर से इंग्लैंड के खिलाफ अपने घर में T20I सीरीज खेलेगी। इसके बाद दोनों टीमों के बीच 26 अक्टूबर से 1 नवंबर के बीच 3 मैचों की ODI सीरीज खेली जाएगी।
यह भी पढ़ें
एशिया कप ट्रॉफी को लेकर BCCI ने अपनाया सख्त रुख, अब ICC से होगी कंप्लेन