1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. वर्ल्ड कप में एक और मैच बारिश की वजह से हुआ रद्द, इस टीम को मिली सेमीफाइनल में एंट्री

वर्ल्ड कप में एक और मैच बारिश की वजह से हुआ रद्द, इस टीम को मिली सेमीफाइनल में एंट्री

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Oct 18, 2025 11:22 pm IST,  Updated : Oct 18, 2025 11:26 pm IST

न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट टीम और पाकिस्तान के बीच शनिवार को महिला वनडे वर्ल्ड कप का 19वां मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया। इसके बाद दोनों टीमों के बीच एक-एक अंक बांटा गया।

R Premdasa Stadium- India TV Hindi
आर प्रेमदासा स्टेडियम, कोलंबो Image Source : AP

महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 का 19वां मैच न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के बीच कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला गया। बारिश की वजह से ये मुकाबला रद्द हो गया, ऐसे में मैच रद्द होने के बाद दोनों टीमों के बीच एक-एक अंक बांटा गया। इस मैच के रद्द होने से साउथ अफ्रीका की सेमीफाइनल में जगह बनाने में कामयाब रही। ऑस्ट्रेलिया ने पहले ही सेमीफाइनल का टिकट पक्का कर लिया था ऐसे में दक्षिण अफ्रीका सेमीफाइनल में पहुंचने वाली दूसरी टीम बन गई है।

पाकिस्तान की आधी टीम लौट चुकी थी पवेलियन

मैच की बात करें तो न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। पाकिस्तान की पारी के दौरान कई बार बारिश ने खलल डाला, जिस वजह से मैच को बीच में ही रोकना पड़ा। मैच में जब पहली बार बारिश ने खलल डाला तब पाकिस्तान का स्कोर 12.2 ओवर में तीन विकेट पर 52 रन था। दोपहर में एक घंटे से ज्यादा समय तक हुई बारिश के बाद मैच को 46-46 ओवर का कर दिया गया।खेल दोबारा शुरू होने पर पाकिस्तान ने  और विकेट गंवा दिए और देखते ही देखते स्कोर पांच विकेट पर 92 रन हो गया। इसके बाद फिर बारिश शुरू हो गई।

न्यूजीलैंड के दो मैच हो चुके हैं रद्द

लंबे इंतजार के बाद अंपायरों ने मैच को फिर से शुरू करने का प्रयास किया, लेकिन लगातार हो रही तेज बारिश के कारण मैच को अंत में रद्द कर दिया गया और दोनों टीमों के बीच एक-एक पॉइंट्स बांटा गया। आपको बता दें कि इस वर्ल्ड कप में अब तक न्यूजीलैंड के दो मुकाबले बारिश की वजह से रद्द हो चुके हैं। न्यूजीलैंड की टीम को सेमीफाइनल की रेस में बने रहने के लिए इस मुकाबले में जीत बेहद जरूरी थी।

वनडे वर्ल्ड कप 2025 पॉइंट्स का हाल

पॉइंट्स टेबल की बात करें तो न्यूजीलैंड पांच मैचों में चार अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में पांचवें स्थान पर है जबकि पाकिस्तान दो अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे है। पाकिस्तान इस वर्ल्ड कप में अब तक एक भी जीत दर्ज नहीं कर पाई है। इसी तरह साउथ अफ्रीका की टीम चार जीत और एक हार के बाद आठ अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहते हुए सेमीफाइनल में पहुंच गई है। ऑस्ट्रेलिया नौ अंकों के साथ पहले ही सेमीफाइनल में जगह बना चुकी है। अब पाकिस्तान 21 अक्टूबर को दक्षिण अफ्रीका से भिड़ेगा, जबकि न्यूजीलैंड 23 अक्टूबर को भारत का सामना करेगा।

यह भी पढ़ें

अफगान क्रिकेटरों की मौत पर BCCI ने जताया दुख, अब पाकिस्तान के खिलाफ होगा बड़ा एक्शन!

IND vs AUS: पहले वनडे में बारिश बनेगी विलेन! मैच के दिन कैसा रहेगा पर्थ का मौसम?

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल